इंटरनेशनल फ्लाइट्स

ईरान-इजराइल युद्ध का असर : इंटरनेशनल फ्लाइट्स का किराया 15% बढ़ा, जेट फ्यूल के दाम हुए दोगुने

नई दिल्ली राष्ट्रीय व्यापार

एजेंसी, नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और युद्ध की स्थिति का सीधा असर अब आम आदमी की जेब पर पड़ने लगा है। कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल के कारण भारतीय एयरलाइंस ने इंटरनेशनल फ्लाइट्स के किराए में करीब 15% की बढ़ोतरी कर दी है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच बढ़ती जंग और हॉर्मुज समुद्री मार्ग के प्रभावित होने से विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतें रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गई हैं।

भारत सहित एशिया की कई प्रमुख एयरलाइंस ने टिकटों के दाम बढ़ा दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह 1970 के दशक के बाद का सबसे गंभीर तेल संकट हो सकता है। आने वाले दिनों में भारतीय विमानन कंपनियाँ किराया और भी बढ़ा सकती हैं क्योंकि बढ़ती ऑपरेशनल कॉस्ट के कारण उनके पास दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा है। 28 फरवरी को ईरान-इजराइल संघर्ष शुरू होने के बाद से तेल की सप्लाई चेन बुरी तरह चरमरा गई है। ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें अस्थिर बनी हुई हैं और कई बाजारों में जेट फ्यूल के दाम युद्ध शुरू होने के बाद से दोगुने हो चुके हैं। संघर्ष से पहले जो ईंधन 85 से 90 डॉलर प्रति बैरल था, वह अब 150 से 200 डॉलर के बीच पहुँच गया है। इस तनाव के कारण दुनिया भर में अब तक 40,000 से ज्यादा उड़ानें रद्द हो चुकी हैं।

ये भी पढ़े : राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा ने तैनात किए केंद्रीय पर्यवेक्षक, बिहार के मोर्चे पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा संभालेंगे कमान

रिपोर्ट के मुताबिक वियतनाम जैसे देशों में हवाई किराया 70% तक महंगा हो सकता है। विमानन क्षेत्र के विश्लेषकों का कहना है कि एशियाई एयरलाइंस पर यूरोपीय या अमेरिकी कंपनियों की तुलना में ज्यादा खतरा है, क्योंकि उनके पास ईंधन की कीमतों को लॉक करने (हेजिंग) की पुख्ता व्यवस्था नहीं है। हालत यह है कि कई सस्ती विमान सेवा देने वाली कंपनियाँ अब अपने विमानों को खड़ा करने की योजना बना रही हैं क्योंकि मौजूदा कीमतों पर उड़ान भरना घाटे का सौदा साबित हो रहा है। डॉयचे बैंक के जानकारों ने चेतावनी दी है कि यदि हालात जल्द नहीं सुधरे, तो दुनिया भर में कई छोटी एयरलाइंस बंद भी हो सकती हैं।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply