एजेंसी, कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार की शाम एक हृदयविदारक सड़क हादसा घटित हुआ जिसमें 8 लोगों की जान चली गई। मृतकों में 5 महिलाएं और 3 मासूम बच्चे शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से जा टकराई। इस घटना में पिकअप सवार 29 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार ये सभी लोग प्रयागराज के संगम तट पर बच्चे का मुंडन संस्कार संपन्न कराकर वापस अपने घर फतेहपुर लौट रहे थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग उछलकर सड़क पर जा गिरे। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए सिराथू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और जिला अस्पताल पहुँचाया गया। दो घायलों की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया गया है। फिलहाल 27 घायलों का उपचार स्थानीय अस्पतालों में चल रहा है। यह दुर्घटना नेशनल हाईवे पर डोरमा के पास शाम करीब 4 बजे हुई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि घायलों के उपचार में कोई कोताही न बरती जाए।
ये भी पढ़े : एअर इंडिया की दिल्ली-लंदन उड़ान में तकनीकी खराबी : 7 घंटे हवा में रहने के बाद विमान की दिल्ली वापसी, 11 दिन पहले भी आई थी समस्या
हादसे की वजह ड्राइवर को झपकी आना बताया जा रहा है। फतेहपुर के जाफरगंज क्षेत्र के कुरोली गांव निवासी राजन के 2 वर्षीय पुत्र शुभम का मुंडन कराने के लिए परिवार और रिश्तेदारों ने एक पिकअप किराए पर ली थी। कुल 37 लोग संगम पर कार्यक्रम संपन्न कर खुशी-खुशी घर लौट रहे थे, तभी डोरमा पेट्रोल पंप के पास अनियंत्रित पिकअप खड़े ट्राले में जा घुसी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही 8 एम्बुलेंस मौके पर भेजी गई थीं। सिराथू स्वास्थ्य केंद्र में 14 और जिला अस्पताल में 13 मरीजों का इलाज चल रहा है। मृतकों में से अब तक चार की पहचान लक्ष्मी देवी, विजय कली, 14 वर्षीय वर्षा और 25 वर्षीय गुड़िया देवी के रूप में हुई है, जो फतेहपुर के कोरवल गांव की रहने वाली थीं। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू करवाया।


