चारधाम यात्रा में पहुंची रिकॉर्डतोड़ भीड़, हाड़ कंपाती ठंड में किए बाबा के दर्शन
एजेंसी, देहरादून। उत्तराखंड की पवित्र भूमि पर इस साल चारधाम यात्रा का ऐसा आगाज हुआ है, जिसे ‘अभूतपूर्व’ कहना गलत नहीं होगा। केवल 11 दिनों के भीतर 4 लाख से ज्यादा श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं। हाड़ कंपाने वाली ठंड और बदलते मौसम के बावजूद बाबा के दर पर भक्तों का जनसैलाब थमने का नाम नहीं ले रहा। सबसे पहले बात बाबा केदार की। केदारनाथ धाम में अब तक 2 लाख 7 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। भीड़ को देखते हुए हेलीपैड पर अब एक साथ दो-दो हेलीकॉप्टर लैंड कर रहे हैं ताकि यात्रियों को इंतजार न करना पड़े। हालांकि, बीती रात हुई तेज बारिश ने श्रद्धालुओं की परीक्षा भी ली। 10,000 से ज्यादा भक्त बारिश में भीगे, लेकिन उनकी आस्था अडिग रही।
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर है। केदारनाथ धाम में कपाट खुलने के बाद से पहले सप्ताह में अब तक कुल दो लाख सात हजार चार सौ बावन श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके हैं। pic.twitter.com/XQlAEQYXSX
— Hindusthan Samachar News Agency (@HsnewsBharat) April 29, 2026
वहीं, बद्रीनाथ धाम की बात करें तो 23 अप्रैल को कपाट खुलने के बाद से अब तक 1 लाख 58 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेलीपैड विस्तार के लिए 1.74 करोड़ रुपए की मंजूरी दी है, ताकि भविष्य में हवाई सेवाओं और आपदा राहत को और मजबूती मिल सके। बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति ने साफ कर दिया है कि मंदिर के भीतर मोबाइल से रील बनाने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही, प्रवेश के लिए पंजीकरण और पहचान पत्र की जांच को अनिवार्य कर दिया गया है।
गंगोत्री और यमुनोत्री में भी करीब 58-58 हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। लेकिन यहां मौसम सबसे बड़ी चुनौती बनकर उभरा है। गंगोत्री में तापमान -7°C तक गिर गया है। लगातार हो रही बर्फबारी और बारिश के बीच यात्रा करना जोखिम भरा होता जा रहा है। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए उत्तरकाशी प्रशासन ने ‘गेटवे सिस्टम’ लागू किया है। वहीं, आईटीबीपी के जवान धामों की सफाई और सुरक्षा में दिन-रात जुटे हैं। यमुनोत्री मार्ग पर प्लास्टिक के इस्तेमाल पर भारी चालान और घोड़ों के लिए रोटेशन सिस्टम भी लागू कर दिया गया है। अगर आप भी चारधाम की यात्रा पर निकल रहे हैं, तो याद रखें- पंजीकरण, स्वास्थ्य जांच और मौसम की पूरी जानकारी ही आपकी यात्रा को सुरक्षित बनाएगी।
ये भी पढ़े : वाराणसी से दो नई अमृत भारत ट्रेनों का शुभारंभ, पीएम मोदी ने दिखाई हरी झंडी
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


