एजेंसी, ब्यूनस आयर्स। जब रविवार की रात पूरा भारत चैन की नींद सो रहा था, तब अर्जेंटीना की धरती पर भारतीय मार्शल आर्ट्स के दिग्गज संग्राम सिंह नया इतिहास लिख रहे थे। ब्यूनस आयर्स के खचाखच भरे टिगरे स्पोर्ट्स क्लब स्टेडियम में संग्राम सिंह ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए एमएमए फाइट जीतने वाले पहले भारतीय होने का गौरव प्राप्त किया। अर्जेंटीना में संग्राम सिंह खुद से 16 साल छोटे फ्रांस के फाइटर फ्लोरियन काउडियर को मुकाबले के शुरू होने के महज 1 मिनट 45 सेकंड के भीतर ही हार मानने पर मजबूर कर दिया।
Finally we won historic MMA fight in Argentina 🙌🇮🇳 pic.twitter.com/3Le2ZpPKml
— SANGRAM U SINGH 🌟🇮🇳 (@Sangram_Sanjeet) April 6, 2026
जीत की हैट्रिक और कुश्ती के दांव-पेंचों का कमाल
जॉर्जिया और नीदरलैंड के बाद यह संग्राम सिंह की एमएमए में लगातार तीसरी जीत है, जिससे उनकी जीत की हैट्रिक पूरी हो गई है। मुकाबले के दौरान संग्राम को उनके पुराने कुश्ती के अनुभव का जबरदस्त फायदा मिला। जब फ्लोरियन ने उन पर किक से हमला किया, तो संग्राम ने चतुराई से उनके पैर पकड़कर उन्हें नीचे गिरा दिया। इसके बाद उन्होंने विरोधी को चोक कर दिया, जिसके बाद फ्लोरियन ने अपनी हार स्वीकार कर ली। जीत के बाद भावुक संग्राम ने कहा, “मेरे लिए जीत या हार से बड़ा सीखना है। पैशन की कोई उम्र नहीं होती।” उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘ऊंचे सपने देखो’ वाले मंत्र को अपनी प्रेरणा बताया।
वजन घटाने की चुनौती और कड़ी मेहनत
संग्राम सिंह ने बताया कि इस मुकाबले के लिए राह आसान नहीं थी। प्रतियोगिता से दो दिन पहले उनका वजन तय सीमा से 600 ग्राम ज्यादा था। वजन कम करने के लिए उन्होंने और उनके कोच भूपेश ने दिन-रात एक कर दिया। पूरे दिन में उन्होंने केवल आधा गिलास पानी पिया और जमकर पसीना बहाया, ताकि वह 83 किलो की श्रेणी में उतर सकें। उनकी इस मेहनत का फल रिंग में दिखा, जहां भारतीय राजदूत और उनके बेटे ने भी मौजूद रहकर संग्राम का उत्साह बढ़ाया। स्टेडियम में ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच संग्राम को दर्शकों का भरपूर समर्थन मिला।
अनुशासन, योग और अध्यात्म से मिली शक्ति
अपनी इस बड़ी कामयाबी का श्रेय संग्राम सिंह ने योग, प्राणायाम और अनुशासन को दिया है। उन्होंने बताया कि मुकाबले की सुबह उन्होंने जल नीति, प्राणायाम और हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे उन्हें मानसिक मजबूती मिली। संग्राम ने युवाओं से भी अपील की कि वे जीवन में अनुशासन और कड़ी मेहनत को अपनाएं। उन्होंने अपनी जीत के पीछे के असली हीरो के रूप में अपने पूरे सपोर्ट स्टाफ और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। प्रोफेशनल कुश्ती में वर्ल्ड हैवीवेट चैम्पियन रह चुके संग्राम अब एमएमए की दुनिया में भी तिरंगा लहरा रहे हैं।
ये भी पढ़े : व्हाइट हाउस के बेहद करीब आधी रात को फायरिंग से सनसनी : राष्ट्रपति निवास के इर्द-गिर्द सुरक्षा घेरा सख्त
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


