एजेंसी, ऋषिकेश। Rishikesh Train Accident : उत्तराखंड के ऋषिकेश स्थित योगनगरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार देर रात एक बड़ा रेल हादसा टल गया। उज्जैनी एक्सप्रेस शंटिंग के दौरान अचानक पटरी से उतर गई, जिससे ट्रेन की तीन बोगियां क्षतिग्रस्त हो गईं। घटना के बाद रेलवे प्रशासन, आरपीएफ और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। राहत की बात यह रही कि उस समय ट्रेन में कोई यात्री मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना के बाद आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जिस स्थान पर ट्रेन पटरी से उतरी, उसके पास रिहायशी मकान भी मौजूद हैं। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए, जिन्हें बाद में सुरक्षा बलों ने वहां से हटाया।
STORY | Three coaches of the Ujjaini Express derailed near the Khand Gaon area in Rishikesh on Monday night when the train was being moved to the railway yard, officials said.
There were no passengers on board when the incident occurred around 9:40 pm on Monday close to the Yog… pic.twitter.com/tAh3FjHkdL
— Press Trust of India (@PTI_News) May 19, 2026
शंटिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार उज्जैनी एक्सप्रेस सोमवार शाम योगनगरी रेलवे स्टेशन पहुंची थी। ट्रेन को अगले दिन सुबह उज्जैन के लिए रवाना होना था। इसी कारण रात करीब साढ़े नौ बजे ट्रेन को प्लेटफॉर्म से हटाकर खांड गांव स्थित शंटिंग लाइन की ओर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि शंटिंग लाइन के अंतिम हिस्से में बने अवरोधक से इंजन टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि पूरी ट्रेन जोरदार झटके के साथ रुक गई। इसी दौरान बीच की एक बोगी पर अत्यधिक दबाव पड़ा और वह पटरी से बाहर निकल गई। हादसे में एक बोगी बुरी तरह मुड़ गई।
लोको पायलट की लापरवाही की आशंका
रेलवे की ओर से अभी तक हादसे के कारणों पर आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन शुरुआती जानकारी में लोको पायलट की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। रेलवे विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी पहलुओं और संचालन प्रक्रिया की गहन जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह सामने आएगी।
देर रात तक चला राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे, आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। देर रात तक रेलवे ट्रैक से बोगियों को हटाने के लिए भारी मशीनों और रेस्क्यू उपकरणों का इंतजार किया जाता रहा। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक मंगलवार सुबह विशेष मशीनों के पहुंचने के बाद ट्रैक बहाली का काम तेज किया जाएगा। इसके चलते कुछ ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने की संभावना भी जताई गई है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुई घटना
रेल हादसे की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल होने लगे। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंचने लगे, जिसके कारण सुरक्षा बलों को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आरपीएफ और जीआरपी के जवान लगातार लोगों को ट्रैक से दूर रहने की चेतावनी देते रहे। कई लोगों के नहीं हटने पर सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें वहां से खदेड़ दिया।
ट्रेनों के संचालन पर असर संभव
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ट्रैक बहाली और क्षतिग्रस्त बोगियों को हटाने में समय लग सकता है। ऐसे में मंगलवार को कुछ ट्रेनों के संचालन में देरी हो सकती है। हालांकि रेलवे प्रशासन स्थिति सामान्य करने के लिए लगातार काम कर रहा है। फिलहाल हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े : सड़क पर नमाज को लेकर सख्त दिखे सीएम योगी : बोले- नियम मानिए, नहीं तो सरकार कार्रवाई करना भी जानती है
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


