एजेंसी, मुंबई। India Squad vs Afghanistan : अफगानिस्तान के खिलाफ होने वाली वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का ऐलान कर दिया गया है। चयनकर्ताओं ने इस बार टीम में कई बड़े बदलाव करते हुए युवा खिलाड़ियों को मौका दिया है, जबकि कुछ वरिष्ठ खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन की करीब तीन साल बाद वनडे टीम में वापसी हुई है। वहीं तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा को दोनों प्रारूपों से आराम दिया गया है। अफगानिस्तान की टीम जून महीने में भारत दौरे पर आएगी, जहां दोनों देशों के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। टेस्ट मुकाबला मुल्लांपुर में खेला जाएगा, जबकि वनडे मैच धर्मशाला, लखनऊ और चेन्नई में आयोजित होंगे।
🚨 News 🚨
Presenting #TeamIndia‘s squads for the @IDFCFIRSTBank Test match and the 3️⃣-match ODI series against Afghanistan in June 🙌#INDvAFG pic.twitter.com/hFiABALLld
— BCCI (@BCCI) May 19, 2026
युवा खिलाड़ियों पर चयनकर्ताओं का भरोसा
इस बार टीम चयन में युवा खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी गई है। प्रिंस यादव, मानव सुथार, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे को पहली बार भारतीय टीम में शामिल किया गया है। प्रिंस यादव को वनडे टीम में जगह मिली है, जबकि मानव सुथार को टेस्ट टीम में मौका दिया गया है। गुरनूर बरार और हर्ष दुबे दोनों प्रारूपों की टीम का हिस्सा बने हैं। घरेलू क्रिकेट और आईपीएल में शानदार प्रदर्शन करने वाले इन खिलाड़ियों को भविष्य की टीम तैयार करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। चयनकर्ताओं का मानना है कि युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अनुभव देने का यह सही समय है।
ईशान किशन की वापसी बनी चर्चा का विषय
वनडे टीम में ईशान किशन की वापसी सबसे ज्यादा चर्चा में रही। उन्होंने अपना आखिरी वनडे मुकाबला अक्टूबर 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ ही खेला था। लंबे समय से टीम से बाहर चल रहे ईशान ने घरेलू क्रिकेट और टी-20 प्रतियोगिताओं में दमदार प्रदर्शन कर फिर से चयनकर्ताओं का भरोसा जीता है। ईशान ने अब तक भारत के लिए 27 वनडे मुकाबलों में 900 से ज्यादा रन बनाए हैं। उनके नाम एक दोहरा शतक भी दर्ज है। हाल ही में टी-20 विश्व कप में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा था।
ऋषभ पंत से उपकप्तानी वापस
भारतीय टेस्ट टीम में एक बड़ा बदलाव ऋषभ पंत की भूमिका को लेकर भी देखने को मिला। उनसे उपकप्तानी की जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। अब टेस्ट टीम में केएल राहुल को उपकप्तान बनाया गया है। पिछले दौरे में पंत उपकप्तान थे और कप्तान शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में टीम की कमान भी संभाल चुके थे। क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि चयन समिति टीम संयोजन में संतुलन बनाने और अनुभव को प्राथमिकता देने की दिशा में यह फैसला लिया है।
रोहित और विराट वनडे टीम में शामिल
वनडे टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को जगह दी गई है। हालांकि दोनों खिलाड़ियों की फिटनेस पर मेडिकल टीम लगातार नजर बनाए हुए है। रोहित हाल ही में चोट से उबरकर मैदान पर लौटे हैं, जबकि हार्दिक पंड्या भी पूरी तरह फिट होने की प्रक्रिया में हैं। बीसीसीआई सूत्रों के मुताबिक मेडिकल क्लीयरेंस मिलने के बाद ही दोनों खिलाड़ी मैदान पर उतर पाएंगे।
घरेलू क्रिकेट से चमके कई नए चेहरे
राजस्थान के स्पिन गेंदबाज मानव सुथार ने रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। वहीं पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार ने घरेलू क्रिकेट और इंडिया-ए टीम में लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है। विदर्भ के ऑलराउंडर हर्ष दुबे ने गेंद और बल्ले दोनों से प्रभाव छोड़ा है। आईपीएल में भी उन्होंने उपयोगी पारियां और अहम विकेट लेकर अपनी अलग पहचान बनाई।
प्रिंस यादव ने आईपीएल से बनाई पहचान
दिल्ली के युवा तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को पहली बार भारतीय वनडे टीम में मौका मिला है। आईपीएल 2026 में उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए कई बड़े बल्लेबाजों को परेशान किया। विराट कोहली को क्लीन बोल्ड करने के बाद वे काफी चर्चा में आए थे। इस सीजन में उन्होंने 12 मुकाबलों में 16 विकेट हासिल किए और अपनी टीम के प्रमुख गेंदबाज बनकर उभरे।
भारतीय टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल।
भारतीय वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), केएल राहुल, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे।


