MP, राजस्थान सहित 17 राज्यों में 24 घंटे में बारिश की संभावना, जून में बारिश ने 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ा

नई दिल्ली राष्ट्रीय राष्ट्रीय


नई दिल्ली: मध्य प्रदेश, राजस्थान सहित 17 राज्यों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। उधर, पिछले 30 घंटों से गुजरात के कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी है। कच्छ जिले में गांधीधाम रेलवे स्टेशन के अंदर पानी भर गया है। उत्तराखंड के चमोली में शनिवार सुबह लैंडस्लाइड हुई। बीते तीन दिन में राज्‍य में लैंडस्लाइड की यह दूसरी घटना है। मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान में जून महीने में सामान्य से तीन गुना ज्यादा बारिश हुई है। हिमाचल, गुजरात और दिल्‍ली में बारिश की वजह से विभिन्‍न हादसों में 35 लोगों की मौत हो चुकी है। अकेले हिमाचल में एक हफ्ते 24 लोगों की मौत हुई है। दिल्ली में एक ऑटो चालक की ड्रेनेज में गिरने से मौत हो गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में शनिवार को तेज बारिश हो सकती है। वहीं, रविवार से राज्य में मानसून की रफ्तार धीमी होने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक, 4 जुलाई से नया साइक्लोनिक सिस्टम एक्टिव हो रहा है। अगर वह मजबूत हुआ तो फिर तेज बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से चल रहा अच्छी बारिश का दौर शनिवार को धीमा हो जाएगा। शुक्रवार देर शाम बीकानेर, टोंक, जयपुर समेत कई जिलों में 2 से लेकर 4 इंच तक बरसात हुई। जून की बारिश ने पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ा है। इससे पहले, मई में बारिश ने 100 साल का रिकॉर्ड तोड़ा था।

मौसम विभाग ने शनिवार को उत्‍तर प्रदेश के 40 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें 16 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी है। 24 जिलों में मध्यम बारिश के आसार हैं। कानपुर में गंगा का जलस्तर पिछले 48 घंटे में 6 फीट बढ़ गया है। हिमाचल में धमाकेदार एंट्री लेने के बाद मानसून धीमा पड़ गया है। 24 से 27 जून तक प्रदेश में नॉर्मल से लगभग 135 फीसदी ज्यादा बारिश हुई। वहीं, 28 से 30 जून के बीच नॉर्मल की तुलना में 45 प्रतिशत कम बरसात हुई।

Leave a Reply