एजेंसी, नई दिल्ली। Rajya Sabha Election : आगामी राज्यसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अंदरूनी स्तर पर रणनीति बनाना शुरू कर दिया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक मध्य प्रदेश, राजस्थान और कर्नाटक में कांग्रेस को कई सीटें मिलने की संभावना है, जबकि झारखंड में भी इंडिया गठबंधन के तहत एक सीट कांग्रेस के खाते में जा सकती है। इसे लेकर पार्टी नेतृत्व लगातार वरिष्ठ नेताओं के साथ चर्चा कर रहा है। सूत्रों के अनुसार इस बार राज्यसभा चुनाव में कई बड़े और अनुभवी नेताओं को संसद के उच्च सदन में भेजने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस संगठन आगामी राजनीतिक समीकरणों और राज्यों में जातीय तथा क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए नामों पर विचार कर रहा है।
राजस्थान से अशोक गहलोत समेत कई नाम चर्चा में
राजस्थान से जिन नेताओं के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं, उनमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा और मौजूदा सांसद नीरज डांगी शामिल बताए जा रहे हैं। पार्टी नेतृत्व इन नामों पर गंभीरता से विचार कर रहा है। राजस्थान में कांग्रेस अपने अनुभवी नेताओं को राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय बनाए रखने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में अशोक गहलोत का नाम सबसे प्रमुख दावेदारों में माना जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान की सहमति के बाद ही होगा।
मध्य प्रदेश से कमलनाथ और जीतू पटवारी के नाम
मध्य प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नामों पर चर्चा चल रही है। सूत्रों का कहना है कि कमलनाथ ने हाल ही में कांग्रेस संसदीय नेतृत्व से मुलाकात कर राज्यसभा जाने की इच्छा जताई थी। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि कांग्रेस अनुभवी नेताओं को राज्यसभा भेजकर संगठनात्मक और संसदीय दोनों स्तरों पर मजबूत करना चाहती है। कमलनाथ लंबे समय से राष्ट्रीय राजनीति का बड़ा चेहरा रहे हैं और पार्टी उन्हें संसद में महत्वपूर्ण भूमिका देना चाहती है।
पूर्व मुख्यमंत्रियों को संसद भेजने की तैयारी
कांग्रेस के भीतर इस बात को लेकर भी चर्चा है कि पार्टी कुछ वरिष्ठ पूर्व मुख्यमंत्रियों को राज्यसभा भेज सकती है। इसके पीछे राजनीतिक और संगठनात्मक दोनों कारण बताए जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार दिल्ली स्थित वरिष्ठ नेताओं के सरकारी आवास और उनकी सक्रिय राजनीतिक भूमिका को बनाए रखने के लिए भी पार्टी रणनीतिक फैसला ले सकती है। इस सूची में अशोक गहलोत, कमलनाथ और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जैसे नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं।
कर्नाटक से कांग्रेस को तीन सीटों की उम्मीद
कर्नाटक में कांग्रेस की स्थिति मजबूत मानी जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी को वहां कम से कम दो सीटें लगभग तय मानी जा रही हैं, जबकि तीसरी सीट को लेकर भी सकारात्मक माहौल बताया जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का राज्यसभा जाना लगभग तय माना जा रहा है। पार्टी कर्नाटक में सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों के चयन की तैयारी कर रही है। बताया जा रहा है कि एक सीट लिंगायत समुदाय के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखकर दी जा सकती है।
झारखंड में इंडिया गठबंधन के तहत समीकरण
झारखंड में इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों के बीच सीट साझेदारी को लेकर बातचीत जारी है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस को वहां एक राज्यसभा सीट मिलने की संभावना है।गठबंधन सहयोगियों के बीच आपसी सहमति के बाद अंतिम नाम तय किए जाएंगे। कांग्रेस नेतृत्व चाहता है कि आगामी चुनावों में सहयोगी दलों के साथ तालमेल मजबूत बना रहे।
जल्द हो सकती है उम्मीदवारों की घोषणा
पार्टी सूत्रों का कहना है कि राज्यसभा चुनाव को लेकर अंतिम सूची पर जल्द फैसला लिया जा सकता है। कांग्रेस नेतृत्व विभिन्न राज्यों के नेताओं से फीडबैक लेने के बाद उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाएगा। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस बार कांग्रेस राज्यसभा चुनाव को केवल सीटों की लड़ाई नहीं, बल्कि भविष्य की राष्ट्रीय राजनीति और संगठनात्मक मजबूती से जोड़कर देख रही है।


