बाघ का शव

सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पास संदिग्ध परिस्थितियों में बाघ का शव बरामद : गड्ढे में दबा मिला कॉलर वाली बाघ का शरीर, शिकार की आशंका

देश/प्रदेश नर्मदापुरम प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, नर्मदापुरम। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व की देनवा बफर सीमा से सटे सामान्य वन मंडल क्षेत्र में एक बाघ का शव मिलने से हड़कंप मच गया है। विशेष बात यह है कि इस बाघ के गले में कॉलर आईडी लगी हुई थी। शुक्रवार को सांगाखेड़ा रेंज के एक गड्ढे में बाघ का शरीर मिला, जिसके बाद एसटीआर की देनवा बफर टीम, श्वान दस्ता (डॉग स्क्वायड) और छिंदवाड़ा सामान्य वन मंडल का अमला तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा।

सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाघ का शव एक गड्ढे में दबा हुआ था और उसके ऊपर मिट्टी डाली गई थी। प्रथम दृष्टया यह अंदेशा जताया जा रहा है कि शिकार के साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को छिपाने का प्रयास किया गया है। घटनास्थल के समीप ही एक मृत मवेशी भी बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि जिस बाघ का शव मिला है, उसे करीब एक वर्ष पूर्व मटकुली क्षेत्र में छोड़ा गया था और निगरानी के लिए उसके गले में रेडियो कॉलर आईडी लगाई गई थी। अधिकारियों को तब शक हुआ जब बाघ की लोकेशन लगातार एक ही स्थान पर मिलने लगी। इसके बाद देनवा बफर के कर्मचारियों ने बाघ की तलाश शुरू की। जिस स्थान पर शव बरामद हुआ है, वह छिंदवाड़ा सामान्य वन मंडल के सांगाखेड़ा रेंज के अंतर्गत आता है।

ये भी पढ़े : ईंधन की कीमतों में भारी गिरावट : मोदी सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क घटाकर आम जनता को दिया बड़ा तोहफा

पुराने मामलों में अब तक खाली हाथ है विभाग
उल्लेखनीय है कि पिछले साल 22 अगस्त को भी एसटीआर के कोर क्षेत्र की सीमा के बाहर तवा नदी में एक बाघ का शव मिला था, जिसका पंजा शिकारी काटकर ले गए थे। उस मामले की जांच स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स को सौंपी गई थी, लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी अधिकारी न तो शिकारियों का सुराग लगा पाए और न ही यह पता चल सका कि शिकार किस स्थान पर हुआ था। यह ताजा घटना वन विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। एसटीआर की क्षेत्र संचालक राखी नंदा ने बाघ की मृत्यु की पुष्टि करते हुए बताया कि शव छिंदवाड़ा सामान्य वन मंडल के सांगाखेड़ा रेंज में मिला है और फिलहाल बाघ की कॉलर आईडी की विस्तृत जांच की जा रही है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply