डेजॉन

दक्षिण कोरिया की कार पार्ट्स फैक्ट्री में लगी भीषण आग: 14 मजदूरों की मौत और 60 घायल, जान बचाने के लिए खिड़कियों से कूदे लोग

अंतर्राष्ट्रीय दक्षिण कोरिया देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली/डेजॉन। दक्षिण कोरिया से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहाँ एक कार पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में भयानक आग लगने से 14 लोगों की जान चली गई है। इस हादसे में करीब 60 अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। यह फैक्ट्री अंजुन इंडस्ट्रियल की है, जो हुंडई और किआ जैसी बड़ी ऑटोमोबाइल कंपनियों को कलपुर्जों की सप्लाई करती है।

दक्षिण कोरिया के मध्य में स्थित डेजॉन शहर की इस फैक्ट्री में शुक्रवार दोपहर आग भड़की, जिसे बुझाने में दमकल विभाग को देर रात तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) ने इस दुखद घटना के लिए माफी मांगते हुए जांच में हर संभव मदद का भरोसा दिया है। राहत और बचाव दल ने तीन मंजिला इमारत के मलबे से सभी लापता लोगों को बाहर निकाल लिया है।

ये भी पढ़े : थाईलैंड के नए प्रधानमंत्री बने अनुतिन चर्नविराकुल : पीएम मोदी ने दी बधाई और रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का जताया भरोसा

हादसे के जो वीडियो सामने आए हैं, वे बेहद डरावने हैं। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर फंसे मजदूरों को जान बचाने का कोई रास्ता नहीं सूझा और वे पहली मंजिल की खिड़कियों से नीचे कूदने लगे। स्थानीय अग्निशमन विभाग के प्रमुख ड्यूक-वू ने बताया कि आग फैलने की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि दमकल गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही लोग जान बचाने के लिए छलांग लगा रहे थे। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त फैक्ट्री के भीतर लगभग 170 कर्मचारी काम कर रहे थे।

दमकलकर्मियों के लिए बचाव कार्य काफी चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि आग की तपिश से इमारत के गिरने का खतरा बना हुआ था। इसके अलावा, फैक्ट्री में भारी मात्रा में सोडियम रखा था, जिस पर पानी डालना खतरनाक हो सकता था क्योंकि सोडियम पानी के संपर्क में आते ही धमाका कर सकता है। अधिकारियों ने वहां से 200 किलोग्राम से ज्यादा बेहद खतरनाक रसायन बरामद किए हैं, जिन्हें सुरक्षित हटाना प्राथमिकता थी। फिलहाल पूरे मामले की तकनीकी जांच की जा रही है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply