एजेंसी, पुणे। महाराष्ट्र के पालघर जिले के एक स्वयंभू बाबा को पुणे पुलिस ने महिला के साथ यौन शोषण के आरोप में अपनी गिरफ्त में ले लिया है। आरोपी ने खुद को भगवान शिव का अवतार बताकर महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया था। पुलिस ने शनिवार को इस कार्रवाई की जानकारी साझा की। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि 40 वर्षीय आरोपी ऋषिकेश वैद्य को शुक्रवार को पिंपरी क्षेत्र से पकड़ा गया।
Pune, Maharashtra: Deputy Commissioner of Police Nikhil Pingle says, “A case has been registered against self-proclaimed godman Rishikesh Vaidya at Hadapsar Police Station in Pune. Around 2023, a woman came to know about him through social media. The woman, a devotee of Mahadev,… pic.twitter.com/FRy8r9wfM5
— IANS (@ians_india) March 27, 2026
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि नासिक के एक अन्य स्वयंभू बाबा अशोक खरात की हालिया गिरफ्तारी के बाद पुणे की रहने वाली 35 वर्षीय पीड़ित महिला ने आरोपी वैद्य के विरुद्ध शिकायत दर्ज कराने की हिम्मत जुटाई। हालांकि आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर खुद को निर्दोष बताया है और इसे झूठा मामला करार दिया है। चूंकि यह घटना पुणे में हुई थी, इसलिए वसई के मानिकपुर पुलिस थाने ने इस मामले में ‘जीरो प्राथमिकी’ दर्ज की थी और बाद में इसे आगे की कार्रवाई के लिए पुणे के हडपसर पुलिस थाने को सौंप दिया गया। ‘जीरो प्राथमिकी’ एक ऐसी रिपोर्ट होती है जिसे भारत के किसी भी पुलिस स्टेशन में दर्ज कराया जा सकता है, चाहे अपराध उस क्षेत्र में हुआ हो या नहीं।
ये भी पढ़े : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दिल्ली दौरा रद्द : छिंदवाड़ा सड़क हादसे के पीड़ितों से मिलकर हुए भावुक, आर्थिक सहायता राशि बढ़ाकर 8-8 लाख रुपये की
पुलिस के मुताबिक महिला और आरोपी की पहली मुलाकात वर्ष 2023 में फेसबुक के माध्यम से हुई थी। दर्ज मामले के अनुसार, उसी साल दिसंबर में आरोपी महिला से मिलने पुणे पहुंचा था। वहां उसने कथित तौर पर यह दावा किया कि वह महादेव का अवतार है और वह महिला उसकी ‘पार्वती’ है। पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी उसे पुणे के मांजरी इलाके के एक होटल में ले गया, जहाँ उसे नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इस दौरान आरोपी ने महिला की कुछ तस्वीरें भी खींच ली थीं। महिला का कहना है कि आरोपी का पालघर में एक सामाजिक संगठन भी है और वह उन तस्वीरों के दम पर उसे ब्लैकमेल कर रहा था। आरोपी ने पिछले साल मई में दोबारा उसका यौन उत्पीड़न करने का प्रयास किया था। पुणे पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पुष्टि की कि आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीमें बनाई गई थीं और सटीक सूचना के आधार पर उसे पिंपरी से गिरफ्तार कर लिया गया है।


