डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का दिल्ली दौरा रद्द : छिंदवाड़ा सड़क हादसे के पीड़ितों से मिलकर हुए भावुक, आर्थिक सहायता राशि बढ़ाकर 8-8 लाख रुपये की

छिंदवाड़ा देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने दिल्ली प्रवास के दौरान सभी महत्वपूर्ण कार्यक्रमों को बीच में ही छोड़कर सीधे छिंदवाड़ा पहुँचे। उन्होंने छिंदवाड़ा जिले की मोहखेड़ तहसील के अंतर्गत आने वाले ग्राम करेर, ग्वारा और झिरिया का दौरा किया। यहाँ मुख्यमंत्री ने भीषण सड़क दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले नागरिकों के शोकाकुल परिवारों से मुलाकात की और उन्हें ढांढस बंधाया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने जिला अस्पताल जाकर घायल व्यक्तियों का हालचाल जाना और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस दुखद घड़ी में बड़ी घोषणा करते हुए बताया कि प्रत्येक मृतक के परिवार को अब कुल 8-8 लाख रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। इसमें 4 लाख रुपये राज्य सरकार की ओर से और 4 लाख रुपये संबल योजना के माध्यम से प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, दुर्घटना में घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को उपचार के लिए 1-1 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।

ये भी पढ़े : ईरान का बड़ा फैसला : होर्मुज जलडमरूमध्य से भारतीय जहाजों को गुजरने की मिली अनुमति, मित्र देशों की सूची में पाकिस्तान और रूस भी शामिल

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में व्यस्त बैठकों के बावजूद मुख्यमंत्री इस हादसे की पल-पल की जानकारी लेते रहे। गुरुवार शाम सिमरिया नाला क्षेत्र में हुई इस घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने प्रभारी मंत्री राकेश सिंह को तत्काल छिंदवाड़ा पहुँचने के निर्देश दिए थे। साथ ही जबलपुर से विशेषज्ञ डॉक्टरों की एक विशेष टीम को भी मौके पर रवाना किया गया था। पीड़ितों से मिलते समय मुख्यमंत्री काफी भावुक नजर आए और उन्होंने जिला कलेक्टर व स्वास्थ्य अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के लिए कड़े निर्देश दिए।

बता दें कि यह भीषण हादसा गुरुवार शाम छिंदवाड़ा-नागपुर मार्ग पर तब हुआ जब एक सरकारी कार्यक्रम से लौट रही ग्रामीणों से भरी बस और पिकअप के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में 10 लोगों की मृत्यु हो गई, जिनमें 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है। हादसे में कुल 41 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 10 की स्थिति गंभीर बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहनों के चालकों की भी मौके पर ही मौत हो गई। प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने भी देर रात अस्पताल पहुँचकर घायलों का हाल जाना था। मुख्यमंत्री ने पहले सहायता राशि 4 लाख रुपये घोषित की थी, जिसे अब बढ़ाकर दोगुना यानी 8 लाख रुपये कर दिया गया है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply