एजेंसी, जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक नया नारा बुलंद करते हुए कहा है कि ‘आप चाहे कितना भी करो हमला, फिर से जीतेगा बंगाल ‘। बुधवार को जलपाईगुड़ी में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा हमला बोला और उन पर एसआईआर के माध्यम से मतों के विभाजन की कोशिश करने जैसे गंभीर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रैली के दौरान दावा किया कि वास्तविक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से जानबूझकर हटा दिए गए हैं, जो चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर बड़े सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि इससे लोगों की पहचान और उनकी नागरिकता को लेकर भी संकट पैदा हो रहा है।
VIDEO | Naxalbari, West Bengal: CM Mamata Banerjee at rally says, “BJP snatched voting rights of tribals and Rajbanshis in Bengal through SIR.” pic.twitter.com/TyfZ9aRyVQ
— Press Trust of India (@PTI_News) March 25, 2026
अपने संबोधन में उन्होंने नागरिकता के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि इतने लंबे समय तक इसी धरती पर रहने के बाद अब हमें बाहरी या विदेशी कहा जा रहा है। उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती देते हुए कहा कि आप हमसे प्रमाण मांग रहे हैं कि हम इस देश के नागरिक हैं या नहीं, लेकिन उससे पहले आप स्वयं यह प्रमाणित करें कि आप इस देश के नागरिक हैं। उन्होंने जनता से कहा कि पहले वे अपनी नागरिकता साबित करें और उसके बाद ही किसी दूसरे व्यक्ति के अधिकारों को चुनौती देने का साहस करें। ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि भाजपा बंगाल राज्य के अस्तित्व को ही समाप्त करने की मंशा रखती है और इसके लिए कई गुप्त योजनाएं तैयार की गई हैं।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनता को सचेत करते हुए कहा कि ऐसी साजिशें रची जा रही हैं कि आपको बिहार में शामिल कर दिया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि उत्तरी बंगाल के विभाजन की कोशिशों को उन्होंने पूरी शक्ति से रोका है। उन्होंने बताया कि कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर इस तरह की बातें सामने आई थीं और उन्होंने तत्काल इसके विरुद्ध अपनी आवाज उठाई थी। उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि वे जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक का संघर्ष कर चुकी हैं। इसी दौरान उन्होंने अपना नया नारा ‘आप चाहे कितना भी करो हमला, फिर से जीतेगा बंगाल’ कार्यकर्ताओं के बीच साझा किया।
ये भी पढ़ें : नोएडा के 12 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप : सघन तलाशी के बाद सूचना निकली फर्जी, साइबर पुलिस जांच में जुटी
चुनाव परिणामों की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि 4 तारीख को मतों की गणना होनी है और इसीलिए यह नारा दिया जा रहा है कि 1, 2, 3, 4, हारेगी भाजपा। ममता बनर्जी ने पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और लगातार बढ़ती महंगाई के विषय पर भी भाजपा को आड़े हाथों लिया। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि पेट्रोल और आवश्यक वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन उनके पास अब शक्तियां सीमित कर दी गई हैं क्योंकि उनसे अधिकार छीन लिए गए हैं। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी असली ताकत राज्य की जनता है जो उनके साथ खड़ी है। अंत में उन्होंने भाजपा को ‘विनाश पार्टी’ की संज्ञा देते हुए अपनी बात समाप्त की।


