ऑनलाइन सट्टेबाजी

ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ केंद्र सरकार की बड़ी कार्रवाई : 300 से अधिक गेमिंग ऐप्स और वेबसाइट्स पर लगा ताला

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। भारत सरकार ने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर चल रही अवैध गतिविधियों और ऑनलाइन सट्टेबाजी के काले कारोबार पर अब तक का सबसे बड़ा प्रहार किया है। नियमों का उल्लंघन करने वाली और जुए को बढ़ावा देने वाली लगभग 300 वेबसाइट्स और मोबाइल ऐप्स को तत्काल प्रभाव से ब्लॉक कर दिया गया है। सरकार का यह कड़ा कदम ऑनलाइन सट्टेबाजी के बढ़ते जाल को तोड़ने और आम जनता को धोखाधड़ी से बचाने के लिए उठाया गया है।

सरकारी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इन प्रतिबंधित प्लेटफॉर्म्स में ऑनलाइन स्पोर्ट्स बेटिंग, डिजिटल कैसीनो और सट्टेबाजी के अलग-अलग सिस्टम शामिल थे जो लंबे समय से गैरकानूनी तरीके से काम कर रहे थे। सरकार अब ऐसे सभी मंचों पर कड़ी निगरानी रख रही है जो नियमों को ताक पर रखकर सट्टा बाजार चला रहे हैं। इस कार्रवाई के दायरे में वे वेबसाइट्स भी आई हैं जो लाइव डीलर, स्लॉट्स और रूलेट जैसे गेम खिलाती थीं। साथ ही पारंपरिक जुए जैसे सट्टा और मटका के डिजिटल नेटवर्क और असली पैसे लगाकर ताश खेलने वाले ऐप्स पर भी पूरी तरह शिकंजा कसा गया है।

ये भी पढ़े : कराची में कुदरत का कहर : भारी बारिश और भीषण तूफान ने मचाई तबाही, हादसों में 19 लोगों की गई जान

इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य लोगों को वित्तीय धोखाधड़ी और जुए की लत के खतरों से सुरक्षित रखना है। सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक कुल 8,400 से ज्यादा ऐसी अवैध साइट्स और ऐप्स को बंद किया जा चुका है। खास बात यह है कि इनमें से लगभग 4,900 प्लेटफॉर्म्स को ऑनलाइन गेमिंग एक्ट लागू होने के बाद ब्लॉक किया गया है, जिसने इस तरह की गतिविधियों के खिलाफ कानून को और अधिक शक्तिशाली बना दिया है।

प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वाले किसी भी ऐप या वेबसाइट को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। इसी साल जनवरी में भी सरकार ने 242 अवैध सट्टेबाजी लिंक्स को ब्लॉक कर अपनी मंशा साफ कर दी थी। अधिकारियों ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी अनधिकृत सट्टेबाजी या जुआ खेलने वाले मंच से दूरी बनाकर रखें ताकि वे किसी बड़े आर्थिक नुकसान का शिकार न हों।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply