कराची

कराची में कुदरत का कहर : भारी बारिश और भीषण तूफान ने मचाई तबाही, हादसों में 19 लोगों की गई जान

अंतर्राष्ट्रीय देश/प्रदेश नई दिल्ली पाकिस्तान राष्ट्रीय

एजेंसी, कराची। पाकिस्तान के कराची शहर में मूसलाधार बारिश और चक्रवाती तूफान ने भयंकर तबाही मचाई है, जिसमें अलग-अलग हादसों के कारण कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई है। बुधवार रात को हुई तेज बारिश और तूफानी हवाओं के चलते कई मकानों की छतें और दीवारें गिर गईं, जबकि सड़कों पर पेड़ और बड़े विज्ञापन बोर्ड उखड़ कर गिर गए। पाकिस्तान के मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को भी भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है, जिससे नागरिकों में डर का माहौल है।

ये भी पढ़े : लास्ट मिनट एडिटिंग के चक्कर में फंसी ‘धुरंधर 2’ की साउथ रिलीज

सबसे बड़ा हादसा कोरांगी इलाके में हुआ, जहाँ एक टेलीफोन केंद्र की छत और दीवार अचानक भरभरा कर गिर गई। पुलिस प्रशासन के अनुसार, इस मलबे के नीचे दबने से 12 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जो वहां बैठकर चाय पी रहे थे। राहत और बचाव दल अभी भी मलबे को हटाने के काम में जुटे हैं, क्योंकि इसके नीचे और भी लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। शहर के अन्य हिस्सों से भी दुखद खबरें आ रही हैं, जहाँ एक घर की छत गिरने से पति-पत्नी की जान चली गई, वहीं मलिर क्षेत्र में दो लोग बिजली गिरने का शिकार हो गए।

लांधी की मजीद कॉलोनी और क्लिफ्टन जैसे पॉश इलाकों से भी जान-माल के नुकसान की सूचना मिली है। क्लिफ्टन में एक विशाल पेड़ के नीचे दबी महिला का शव बरामद किया गया है। भारी बरसात के कारण कराची के ज्यादातर इलाकों में बिजली की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त है। मौसम विज्ञानियों का कहना है कि सिंध प्रांत के अन्य जिलों में भी अगले दो दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रह सकता है, इसलिए लोगों को घरों के भीतर रहने की सलाह दी गई है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply