अजय सिंह

अजय सिंह का ज्योतिरादित्य सिंधिया पर तीखा हमला: बोले- पहले तय कर लें कि चंबल में वह ज्यादा मजबूत हैं या नरेंद्र सिंह तोमर

टीकमगढ़ देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

एजेंसी, टीकमगढ़। कांग्रेस के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल सोमवार को टीकमगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने पत्रकारों से बातचीत के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। चंबल क्षेत्र में सिंधिया को भाजपा का बड़ा चेहरा बनाए जाने के सवाल पर अजय सिंह ने तंज कसते हुए कहा कि पहले सिंधिया खुद यह फैसला कर लें कि उस इलाके में वह ज्यादा ताकतवर हैं या नरेंद्र सिंह तोमर। उन्होंने आगे कहा कि जब सिंधिया कांग्रेस में थे, तो वह शीर्ष के चार नेताओं में गिने जाते थे, लेकिन भाजपा में आज उनकी क्या स्थिति है, यह सबको दिख रहा है।

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जा रहे नेताओं के सवाल पर अजय सिंह ने बड़े ही मजाकिया अंदाज में कहा कि यह दरअसल छंटनी की प्रक्रिया है और अब कांग्रेस ‘छोटा परिवार, सुखी परिवार’ की राह पर है। वहीं, टीकमगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार को पद से हटाने के नोटिस पर उन्होंने कहा कि भाजपा जहां भी कांग्रेस के अध्यक्ष हैं, उन्हें साजिश के तहत परेशान कर रही है। इस मामले में नपाध्यक्ष ने बताया कि उन्होंने अपना जवाब हाईकोर्ट में पेश कर दिया है और उन्हें 18 मार्च को होने वाली सुनवाई में न्याय की पूरी उम्मीद है।

ये भी पढ़े : प्रधानमंत्री को राहुल गांधी का विशेष पत्र : कांशीराम के संघर्षों को मिले सर्वोच्च पहचान, ‘भारत रत्न’ देने की उठाई मांग

मजरा-टोला सड़क के श्रेय को लेकर चल रहे विवाद पर अजय सिंह ने स्थानीय विधायक चंदा सुरेंद्र सिंह गौर का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जब विधायक के प्रयासों से विकास कार्य हुआ है, तो श्रेय लेना उनका हक है। इस दौरान विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने भी तथ्यों के साथ अपनी बात रखते हुए कहा कि मंत्रालय ने इस कार्य के लिए सुझाव मांगे थे।

देश में एलपीजी की कमी और बढ़ती कीमतों को लेकर भी अजय सिंह ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से शासन की बेइंतजामी है। एक तरफ सरकार दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, वहीं दूसरी तरफ जनता सिलेंडर के लिए लंबी लाइनों में खड़ी है। उन्होंने तंज कसा कि युद्ध का बहाना बनाकर सरकार ने एलपीजी के दाम सीधे 60 रुपये बढ़ा दिए हैं, जबकि कांग्रेस के समय 5 रुपये बढ़ने पर भी यही भाजपा नेता सड़कों पर प्रदर्शन करने बैठ जाते थे।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply