राहुल गांधी

प्रधानमंत्री को राहुल गांधी का विशेष पत्र : कांशीराम के संघर्षों को मिले सर्वोच्च पहचान, ‘भारत रत्न’ देने की उठाई मांग

देश/प्रदेश नई दिल्ली राष्ट्रीय

एजेंसी, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भेजकर दलित आंदोलन के प्रमुख नेता कांशीराम को मरणोपरांत ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने का आग्रह किया है। रविवार को लिखे इस पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि मान्यवर कांशीराम ने भारतीय राजनीति के स्वरूप को बदलने में बेहद अहम भूमिका निभाई और पिछड़े व गरीब वर्गों के भीतर राजनीतिक चेतना पैदा की।

राहुल गांधी के अनुसार कांशीराम के संघर्षों ने भारतीय लोकतंत्र के आधार को और भी मजबूत किया है, जिससे देश की राजनीतिक व्यवस्था में सबकी भागीदारी बढ़ी और यह अधिक न्यायपूर्ण बनी। कांग्रेस नेता ने पत्र में जिक्र किया कि आज जब पूरा देश कांशीराम की जयंती मना रहा है और उनके योगदान को याद कर रहा है, तो ऐसे समय में उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से नवाजा जाना चाहिए।

ये भी पढ़ें : पीएम मोदी की रैली से पहले कोलकाता में संग्राम : भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक भिड़ंत, पथराव में कई घायल

उन्होंने आगे कहा कि कांशीराम ने ही आम लोगों को यह सिखाया था कि उनका वोट उनकी अपनी ताकत और आवाज है और यह देश सभी नागरिकों का समान रूप से है। उनके इन्हीं प्रयासों का नतीजा है कि समाज के उन तबकों के लोग भी राजनीति में आए जिन्होंने कभी सार्वजनिक जीवन के बारे में सोचा तक नहीं था। उनके लिए राजनीति न्याय और समानता पाने का एक जरिया बन गई।

राहुल गांधी ने अपने पत्र में संविधान का हवाला देते हुए लिखा कि हमारा संविधान हर भारतीय को बराबरी और सम्मान का अधिकार देता है और कांशीराम ने अपना पूरा जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के लिए इन अधिकारों को सच करने में लगा दिया। उन्होंने बताया कि दलित बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता लंबे समय से यह मांग कर रहे हैं। हाल ही में लखनऊ के एक दौरे के दौरान भी जनता ने इस मांग को जोर-शोर से उठाया था, जो व्यापक जनभावना को दर्शाता है। राहुल गांधी का मानना है कि उन्हें यह सम्मान देना करोड़ों लोगों की उम्मीदों और उनके सशक्तिकरण के प्रतीक का सम्मान होगा।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply