एजेंसी, नई दिल्ली। पिछले कई दिनों से जारी गर्मी के कहर के बाद देश में रविवार को कई जगह बारिश होने से मौसम खुशगवार हो गया। भारतीय मौसम विभाग ने 15 से 19 जून तक देश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से दक्षिणी और पश्चिमी भारत में मानसून की सक्रियता बढ़ने के कारण इन दिनों में मूसलधार बारिश होने की संभावना है।
उत्तर-पश्चिम भारत: हल्की से मध्यम बारिश
उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान: 15 से 21 जून तक इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
दक्षिणी भारत : भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल: 15 और 16 जून को इन क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
तेलंगाना: 15 से 19 जून तक विभिन्न स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
केरल और माहे: 18 और 19 जून को इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
पश्चिमी भारत: गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश
गुजरात: यहां 15 से 17 जून तक अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना है।
कोंकण और गोवा: 18 से 21 जून तक इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
मध्य महाराष्ट्र, सौराष्ट्र और कच्छ: 15 से 18 जून तक इन क्षेत्रों में अत्यधिक भारी बारिश (>20 सेमी/24 घंटे) की संभावना है।
पूर्वी और मध्य भारत: आंधी और बारिश
मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़: 15 से 20 जून तक इन क्षेत्रों में आंधी, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि पश्चिम बंगाल, बिहार, झारखंड, ओडिशा: 16 से 20 जून तक इन क्षेत्रों में भारी बारिश की संभावना है।
रविवार को यहां हुई बारिश
दिल्ली: मौसम विभाग ने हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई थी, जो कुछ इलाकों में देखी गई।
मुंबई: महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र में भारी बारिश की चेतावनी थी, और कुछ स्थानों पर बारिश हुई।
गुजरात: गुजरात के 42 तालुकों में 24 घंटे में एक इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिसमें गोंडल में लगभग 4 इंच बारिश हुई।
केरल: केरल में 5 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई थी।
कर्नाटक: बेंगलुरु और कर्नाटक के तटीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना थी।
मौसम विभाग: अगले अपडेट पर नजर
मौसम विभाग 16 जून को एक और विस्तृत पूर्वानुमान जारी करेगा, जिसमें मानसून की आगे की चाल, दिल्ली-NCR की बारिश की संभावना और उत्तर भारत के लिए चेतावनी का अपडेट शामिल होगा। रेलवे और विमान सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
एमपी में 16 जून को मानसून की धमाकेदार एंट्री, 23 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
एजेंसी, भोपाल।एक सप्ताह से तेज गर्मी और उमस का सामना कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल, बारिश का दौर शुरु हो गया। अगले पांच से छह दिन ऐसी स्थिति रह सकती है। दो दिन में प्रदेश गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। 16 जून के बाद प्रदेश में कई जगह झमाझम हो सकती है। मानसून भी प्रदेश के दक्षिण हिस्से में दस्तक दे सकता है। अभी मानसून मुंबई के पास अटका है, रविवार से आगे बढ़ने की संभावना है। प्रदेश में मालवा के इंदौर धार, झाबुआ, आलीराजपुर और देवास के साथ राजगढ़, सागर छिंदवाड़ा में आंधी के साथ बारिश हुई। इसका कारण बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से नमी आना है। शनिवार सुबह तक रतलाम में डेढ़ इंच, गुना में एक इंच, पचमढ़ी में पौन इंच बारिश दर्ज की गई। भोपाल में दिनभर गर्मी और उमस से बेहाल रहे, शाम को तेज बौछारें पड़ीं।
बंगाल की खाड़ी बना सिस्टम
मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला का कहना है कि पांच दिन में प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती है। इस समय बंगाल की खाड़ी में बना सिस्टम मराठवाड़ा की ओर बढ़ गया है। इससे अरब सागर से नमी आने लगी है। 15 जून से बंगाल की खाड़ी में एक और सिस्टम बनने की संभावना है। इससे मानसून आगे बढ़ने की संभावना है। प्रदेश में भी दो-तीन में मानसून की दस्तक हो सकती है। 16 जून से बारिश की गतिविधियों में और तेजी आएगी।
आज इन जिलों में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 24 घंटे में बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, राजगढ़ में तेज हवा और गरज चमक के साथ कहीं-कहीं बौछारों की संभावना जताई है।
16 जून को इन जिलों में बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार 16 जून 2025 को मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मंडला, डिंडोरी, अनूपपुर, खंडवा और देवास में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सीहोर, भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनके अलावा रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, सतना और मैहर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इसके साथ ही शहडोल, उमरिया, पन्ना, कटनी, दमोह और नरसिंहपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें और हल्की बारिश देखने को मिल सकती है।


