बंगाल विधानसभा चुनाव

बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की पहली सूची जारी : सुवेंदु अधिकारी दो सीटों से ठोकेंगे ताल, 144 उम्मीदवारों के नामों का हुआ ऐलान

देश/प्रदेश पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय

एजेंसी, कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अपने प्रत्याशियों की पहली सूची घोषित कर दी है। इस पहली फेहरिस्त में 144 उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाई गई है, जिसमें कई बड़े चेहरों को जगह मिली है। सबसे खास बात यह है कि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी इस बार दो विधानसभा क्षेत्रों, नंदीग्राम और भवानीपुर से चुनाव मैदान में उतरेंगे। गौरतलब है कि पिछले चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को मात दी थी।

पार्टी ने अन्य प्रमुख सीटों पर भी अपने मजबूत चेहरों को उतारा है। अग्निमित्रा पॉल को आसनसोल दक्षिण से प्रत्याशी बनाया गया है, जबकि कूचबिहार उत्तर से सुकुमार रॉय और दिनहाटा से अजय रॉय को टिकट मिला है। इसी तरह सीतलकुची से सावित्री बर्मन, तूफानगंज से मालती रावा रॉय और सिलीगुड़ी से डॉ. शंकर घोष भाजपा के उम्मीदवार होंगे। पार्टी ने जनजातीय और आरक्षित सीटों पर भी विशेष ध्यान देते हुए मनोज कुमार ओरांव, विशाल लामा और आनंदमय बर्मन जैसे नेताओं को चुनावी समर में उतारा है।

ये भी पढ़े : पुणे के कोंढवा में इफ्तार के दौरान भारी बवाल, 100 बाइकों पर आए हथियारबंद हमलावरों ने 14 लोगों को पीटा

पार्टी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली में 12 मार्च को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अगुवाई में केंद्रीय चुनाव समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी। इस बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई दिग्गज नेताओं ने उम्मीदवारों के नामों पर अंतिम चर्चा कर अपनी मंजूरी दी। पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में वोट डाले जाने हैं। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर होगा, जबकि दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग होगी। चुनावी नतीजों की घोषणा 4 मई को की जाएगी।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply