निर्वाचन आयोग

पश्चिम बंगाल चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग की बड़ी कार्रवाई : मुख्य सचिव और डीजीपी समेत कई आला अधिकारियों का तबादला

देश/प्रदेश पश्चिम बंगाल राष्ट्रीय

एजेंसी, कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बिगुल फुकने के साथ ही भारतीय निर्वाचन आयोग ने प्रशासनिक स्तर पर भारी बदलाव किए हैं। आयोग ने पीयूष पांडे को उनके पद से हटाकर अब सिद्ध नाथ गुप्ता को राज्य का नया पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नियुक्त कर दिया है। इसके साथ ही कोलकाता के पुलिस कमिश्नर के पद पर भी बदलाव हुआ है, जहां सुप्रतिम सरकार की जगह अजय कुमार नंद को कमान सौंपी गई है। इससे पहले आयोग ने राज्य की मुख्य सचिव नंदिनी चक्रवर्ती और गृह सचिव जगदीश प्रसाद मीणा को भी हटाने का फैसला सुनाया था।

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य में बिना किसी हिंसा के शांतिपूर्ण मतदान का भरोसा दिलाया था। इसी दिशा में कदम उठाते हुए आयोग ने सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की तैनाती और तबादले के आदेश जारी किए। नए आदेशों के तहत 1992 बैच के आईपीएस सिद्ध नाथ गुप्ता अब प्रदेश की पुलिस व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा नटराजन रमेश बाबू को डीजी (सुधारात्मक सेवाएं) और अजय मुकुंद रानाडे को एडिशनल डीजी (कानून और व्यवस्था) के पद पर तैनात किया गया है।

ये भी पढ़े : नेपानगर में मुख्यमंत्री मोहन यादव की बड़ी घोषणाएं: कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा प्रहार, 363 करोड़ के विकास कार्यों की दी सौगात

आयोग ने सख्त हिदायत दी है कि हटाए गए दोनों वरिष्ठ अधिकारी, नंदिनी चक्रवर्ती और जगदीश प्रसाद मीणा, चुनाव से जुड़े किसी भी काम में शामिल नहीं होंगे। अब दुष्यंत नरियाला मुख्य सचिव और संघमित्रा घोष गृह सचिव की जिम्मेदारी संभालेंगे। निर्वाचन आयोग ने घोषणा की है कि बंगाल की 294 विधानसभा सीटों के लिए दो चरणों में वोट डाले जाएंगे। पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को 142 सीटों पर होगा। मतों की गिनती 4 मई को की जाएगी और पूरी चुनावी प्रक्रिया 6 मई तक संपन्न हो जाएगी।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply