एजेंसी, चण्डीगढ़। हरियाणवी गाने ‘टटीरी’ के विवाद में फंसे मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह पर अब कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। हरियाणा राज्य महिला आयोग ने कड़ा रुख अपनाते हुए पुलिस को निर्देश दिया है कि यदि बादशाह जांच में सहयोग नहीं करते हैं, तो उन्हें तुरंत गिरफ्तार किया जाए। इसके साथ ही, आयोग ने यह भी कहा है कि गायक का पासपोर्ट जब्त कर लिया जाए ताकि वे कानूनी प्रक्रिया से बचने के लिए विदेश न भाग सकें।
यह कार्रवाई तब शुरू हुई जब बादशाह शुक्रवार को दोपहर तीन बजे तक पानीपत में महिला आयोग के समक्ष पेश होने के समन का पालन करने में विफल रहे। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने पुलिस को सख्त लहजे में कहा कि पंचकुला और पानीपत पुलिस इस मामले में कोई ढिलाई न बरते। जब तक बादशाह आयोग के सामने उपस्थित होकर अपना पक्ष नहीं रखते, तब तक हरियाणा के किसी भी हिस्से में उनके शो या कार्यक्रमों के आयोजन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है।
ये भी पढ़े : ईरानी आत्मघाती नौका के हमले में भारतीय नाविक की मौत : अमेरिका के तेल टैंकर को बनाया निशाना, भारत ने जताई कड़ी आपत्ति और की सख्त कार्रवाई की मांग
सुनवाई के दौरान बादशाह के वकील आयोग पहुंचे थे, लेकिन अध्यक्ष ने उनसे मिलने से साफ इनकार कर दिया। आयोग का तर्क है कि समन व्यक्तिगत रूप से गायक को भेजा गया था, इसलिए उन्हें खुद हाजिर होना चाहिए। हालांकि, बादशाह ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर पहले ही माफी मांग ली है, लेकिन शिकायतकर्ता सविता आर्या का कहना है कि व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न होना उनकी गैर-जिम्मेदाराना प्रवृत्ति को दर्शाता है।
पूरा विवाद बादशाह के नए गाने के वीडियो को लेकर है, जिसमें स्कूली यूनिफॉर्म पहनी लड़कियों को हरियाणा रोडवेज की बस में आपत्तिजनक तरीके से नाचते हुए दिखाया गया है। पुलिस ने इस मामले में पहले ही एफआईआर दर्ज कर ली है और अब उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने की तैयारी की जा रही है। हरियाणा पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि गायक की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए।


