एजेंसी, ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को ग्वालियर के घाटीगांव में आयोजित ‘लाड़ली बहना सम्मेलन’ के दौरान प्रदेश की 1.25 करोड़ महिलाओं के बैंक खातों में 1836 करोड़ रुपये की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की। योजना की 34वीं किस्त जारी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि महिलाओं के स्वावलंबन का आधार है। इस दौरान उन्होंने ग्वालियर जिले के विकास के लिए 122 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने देश में एलपीजी और ईंधन की किल्लत की खबरों पर विराम लगाया। उन्होंने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश में रसोई गैस और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी वैश्विक संकट के समय में राजनीति कर देश की छवि खराब करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि प्रशासन कालाबाजारी रोकने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।
ये भी पढ़े : मध्यप्रदेश के किसानों की बल्ले-बल्ले : सीएम मोहन और शिवराज की बैठक में बड़े फैसले, सरसों पर भावांतर और तुअर की पूरी फसल खरीदेगी सरकार
कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भारत की कूटनीतिक जीत का जिक्र करते हुए एक बड़ी जानकारी साझा की। सिंधिया ने बताया कि पश्चिम एशिया के युद्ध जैसे हालातों के बीच भी ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’, जहां से दुनिया का बड़ा तेल निर्यात होता है, विशेष रूप से भारत के लिए खुला रखा गया है। उन्होंने इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मजबूत नेतृत्व को दिया, जिसके कारण ईरान जैसे देशों के साथ भारत के संबंध प्रगाढ़ बने हुए हैं और देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित है।
ग्वालियर को मिली सौगातों में सांदीपनि शासकीय विद्यालय का नया परिसर, सांक नदी पर बना पुल और अंबेडकर धाम में बाबा साहब के जीवन पर आधारित एक आधुनिक संग्रहालय का निर्माण शामिल है। कार्यक्रम में विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर और जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।


