एजेंसी, रांची| रांची में इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। बताया जा रहा है कि विमान से एक गिद्ध टकरा गया था। इससे विमान को नुकसान पहुंचा। जिस वक्त विमान से गिद्ध टकराया, विमान करीब 4000 फीट की ऊंचाई पर था। इस घटना के बाद रांची एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। घटना को लेकर बताया गया कि सोमवार को रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर एक इंडिगो विमान से पक्षी टकराने के बाद उसे आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। विमान में करीब 175 यात्री सवार थे, जो बाल-बाल बच गए। सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं, हालांकि विमान एयरबस 320 को नुकसान पहुंचा है। सामने आई फोटो में देखा जा सकता है कि विमान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त है।
एजेंसी को रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के निदेशक आरआर मौर्य ने बताया, “विमान रांची के पास एक पक्षी से टकरा गया। घटना के वक्त विमान एयरपोर्ट से करीब 10 से 12 समुद्री मील दूर 3,000 से 4,000 फीट की ऊंचाई उड़ान भर रहा था। इसके बाद पायलट को आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।” उन्होंने कहा कि सभी यात्री सुरक्षित हैं, लेकिन गिद्ध के टकराने से विमान को नुकसान पहुंचा है। इंजीनियर नुकसान का आकलन कर रहे हैं।” बता दें कि यह घटना दोपहर 1.14 बजे घटी। इंडिगो का ये विमान पटना से रांची जा रहा था। मिली जानकरी के मुताबिक, इस विमान को रांची के बाद कोलकाता के लिए उड़ान भरना था लेकिन घटना के बाद विमान को नुकसान पहुंचा। इस वजह से उड़ान में काफी देरी हुई है।


