एजेंसी, नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास को निशाना बनाए जाने की खबरों पर मंगलवार को ‘‘गहरी चिंता’’ जताई और रूस व यूक्रेन से शत्रुता समाप्त करने के लिए कूटनीतिक प्रयासों पर ध्यान केंद्रित करने का आग्रह किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘रूसी संघ के राष्ट्रपति के आवास को निशाना बनाए जाने की खबरें बहुत चिंताजनक हैं।’’
रूस ने सोमवार को दावा किया कि लंबी दूरी के 91 यूक्रेनी ड्रोन ने मॉस्को के उत्तर में नोवगोरोड क्षेत्र में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के स्थायी आवास पर हमला करने का प्रयास किया। मोदी ने कहा कि जारी कूटनीतिक प्रयास शत्रुता समाप्त करने और शांति हासिल करने की दिशा में सबसे व्यावहारिक रास्ता मुहैया कराते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हम सभी संबंधित पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे इन प्रयासों पर ध्यान केंद्रित रखें और ऐसी किसी भी कार्रवाई से बचें जो इन्हें कमजोर कर सकती है।’’
यूक्रेन ने किया रूस के आरोपों का खंडन
यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूस के इस आरोप को “पूरा झूठ और मनगढ़ंत” बताया। उन्होंने कहा कि रूस यह दावा शांति वार्ता को पटरी से उतारने और कीव पर आगे हमलों का बहाना बनाने के लिए कर रहा है। यूक्रेनी विदेश मंत्री ने भी इसे “फर्जी” करार दिया और कहा कि यूक्रेन केवल वैध सैन्य लक्ष्यों पर हमला करता है। वहीं इस हमले के बाद रूस ने कहा कि वह वार्ता से पीछे नहीं हटेगा, लेकिन अपनी स्थिति सख्त करेगा। ऐसे में यह घटना यूक्रेन युद्ध में शांति के प्रयासों को झटका दे सकती है, जो ट्रंप प्रशासन की प्राथमिकता है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
ये भी पढ़े : दिग्विजय सिंह के समर्थन में आए कैलाश विजयवर्गीय , बोले- सच कहने का साहस दिखाया


