डीआरडीओ ने किया पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल परीक्षण, जानिए कितनी है इसकी रेंज

डीआरडीओ ने किया पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट का सफल परीक्षण, जानिए कितनी है इसकी रेंज

ओडिशा देश/प्रदेश राष्ट्रीय

एजेंसी, चांदीपुर। डीआरडीओ ने ओडिशा के चांदीपुर के इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज में पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट (एलआरजीआर) का सफल परीक्षण किया है। इस लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट की रेंज 120 किलोमीटर तक की बताई जा रही है। रॉकेट ने प्लान के मुताबिक, सभी मैन्यूवर को पूरा किया है और सटीकता के साथ अपने लक्ष्य को हासिल किया है।

रॉकेट ने लक्ष्य को हासिल किया
पिनाका रॉकेट को आर्मामेंट रिसर्च एंड डेवलपमेंट एस्टेब्लिशमेंट ने हाई एनर्जी मैटीरियल्स रिसर्च लेबोरेटरी के साथ मिलकर डिजाइन किया है। डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट लेबोरेटरी और रिसर्च सेंटर इमारत ने इस रॉकेट के निर्माण में तकनीकी सहयोग प्रदान किया है और परीक्षण की जिम्मेदारी आईटीआर और प्रुफ एंड एक्सपेरिमेंटल एस्टेब्लिशमेंट के पास थी।

डीआरडीओ  के अध्यक्ष ने देखा परीक्षण
रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी कामत ने पिनाका के परीक्षण को देखा और मिशन के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए सभी टीमों को बधाई दी है। बता दें कि एलआरजीआर को इन-सर्विस पिनाका लॉन्चर से लॉन्च किया गया। ये इस लॉन्चर की बहुमुखी प्रतिभा को दिखाता है और एक ही लॉन्चर से कई रेंज के पिनाका वेरिएंट की लॉन्च की क्षमता प्रदान करता है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
भारत के रक्षा मंत्रालय ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से इस सफल परीक्षण के बारे में जानकारी दी है। रक्षा मंत्रालय ने बताया- “पिनाका लॉन्ग रेंज गाइडेड रॉकेट (एलआरजीआर 120) का पहला उड़ान परीक्षण आज आईटीआर, चांदीपुर में सफलतापूर्वक पूरा किया गया। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने डीआरडीओ और अन्य सभी स्टेक होल्डर्स को इस कामयाबी को लेकर बधाई दी है।” जानकारी के मुताबिक, राजनाथ सिंह ने इस परीक्षण को गेम चेंजर बताया है और कहा है कि लंबी दूरी के निर्देशित रॉकेट के सफल डिजाइन और विकास से सशस्त्र बलों की क्षमताओं में वृद्धि होगी।

ये भी पढ़े : राहुल गांधी बोले-रिटायर सैनिकों को प्राइवेट अस्पतालों में इलाज नहीं मिलता : कांग्रेस सांसद ने पार्लियामेंट स्टैंडिंग कमेटी में मुद्दा उठाया

 

Leave a Reply