एजेंसी, सतना। पन्ना जिले के देवेंद्रनगर थाना अंतर्गत 15 अक्टूबर की दोपहर 2 बजे के तकरीबन राष्ट्रीय राजमार्ग 39 में पन्ना रोड में शरीफ ढाबा के पास नगर परिषद देवेंद्रनगर के अध्यक्ष शिवांगी गुप्ता के पति ललित गुप्ता पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष पर गोली मारकर जानलेवा हमला किया गया। गोली मारकर हमलावर फरार हो गया। हमलावर की उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार अध्यक्ष पति ललित गुप्ता पन्ना रोड स्थित मकान पर किसी कार्य हेतु गए हुए थे तभी घात लगाए दोपहिया वाहन में सवार युवक ने सामने से आकर दो राउंड पिस्टल से फायर करके फरार हो गया। वहीं घायल ने हमलावर से जबरदस्त संघर्ष किया और उसकी पिस्टल को छुड़ा लिया। घायल के कनपटी व हाथ में गोली लगी। आनन फानन में स्थानीय लोगों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवेंद्रनगर में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों के द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया लेकिन गोलियों के छर्रे न निकलने के कारण घायल को सतना रेफर कर दिया गया। सतना के बिरला हॉस्पिटल में इलाज जारी है। बताया जाता है हमलावर पिछले कुछ दिनों से देवेंद्रनगर के सतना रोड स्थित प्रिंसी लॉज व आसपास के ढाबा में रात गुजारता था। तथा अपने आप को पलंबर बताकर रह रहा था। हमलावर प्रिंसी लॉज में 28 व 29 सितंबर को,06 अक्टूबर को एवं 14 अक्टूबर को लॉज में रुका हुआ था एवं 15 अक्टूबर को उसके द्वारा चेक आउट भी नहीं किया गया।एवं उसका आधार कार्ड व पिस्टल को भी पुलिस ने बरामद किया हैं। इसमें आकाश साहू पिता प्रागी साहू निवासी ग्राम नदेया पोस्ट विक्रमपुर जिला छतरपुर का होना बताया जा रहा है। वहीं देवेंद्रनगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बयान दर्ज किए हुए है एवं एसडीओपी एसपी सिंह बघेल ने घटनास्थल से साक्ष्यों को जुटाकर पूरे जिले में आरोपी की तलाश हेतु नाकाबंदी कर दी है। वहीं 18 वर्ष के युवक ने इतनी बड़ी वारदात को अंजाम क्यों दिया। आखिर आरोपी इतने दिनों से देवेंद्रनगर में क्यों आता जाता रहा हैं। एवं उसके पास धारदार हथियार मिलना भी एक बड़ा प्रश्नचिन्ह हैं।
गंभीर हालत में ललित गुप्ता सतना रेफर, किया जाएगा एयरलिफ्ट, बना ग्रीन कॉरिडोर
एसडीएम सिटी की अगुवाई में बना ग्रीन कॉरिडोर
घायल को एयरलिफ्ट कराने के लिए एसडीएम सिटी राहुल सिलाड़िया की अगुवाई में प्रशासन ने बिड़ला अस्पताल से हवाई अड्डे तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया। चूंकि सतना एयरपोर्ट में सनसेट के बाद उड़ान संभव नहीं है, इसलिए प्रशासन ने निर्णय लिया है कि ललित गुप्ता को रीवा एयरपोर्ट से भोपाल एयरलिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए बिड़ला अस्पताल से नेशनल हाईवे तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया जा रहा है ताकि एम्बुलेंस निर्बाध रूप से गुजर सके।
बिड़ला अस्पताल में भाजपा नेताओं का जमावड़ा
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय तिवारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मौके से ही पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा से वीडियो कॉल पर बातचीत कराई, जिसमें शर्मा ने घायल ललित गुप्ता से सीधे बात की और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।


