बद्दी| हिमाचल प्रदेश के बद्दी में शुक्रवार को कॉस्मेटिक-परफ्यूम बनाने वाली एनआर अरोमा फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। इसमें करीब 84 मजदूर फैक्ट्री में फंस गए। सूत्रों के मुताबिक सुबह अटेंडेंस लगने के बाद इन्हें फैक्ट्री में काम करने के लिए भेजा गया था। आग लगते ही कुछ मजदूर जान बचाने के लिए फैक्ट्री की छत से कूद गए। वहीं 34 लोगों को रेस्क्यू किया गया। इन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। इनमें से 5 लोगों को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया है। इनसे पिंकी नाम की महिला की मौत हो गई है। बद्दी की एसपी इल्मा अफरोज ने बताया कि इलाज के दौरान एक महिला ने दम तोड़ दिया। सूत्रों के मुताबिक आग लगने के बाद अफरातफरी में करीब 25 लोग बाहर निकल आए। फिलहाल शाम साढ़े 7 बजे तक करीब 25 लोग लापता हैं। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने रेस्क्यू के लिए एनडीआरएफ के बाद आर्मी बुला ली है।
एसडीएम बोले- रात 10 बजे अंदर अंदर नहीं जा सके
एसडीएम नालागढ़ दिव्यांशु सिंगल का कहना है कि आग का धुआं काफ़ी अधिक है जिस कारण रात 10 बजे तक एनडीआरएफ या दमकल कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर दाखिल नहीं हो सके। फैक्ट्री के अंदर से धुंआ छंटने का इंतजार किया जा रहा है। आग बुझाने के बाद फैक्ट्री के टीमें घटनास्थल पर तैनात है। जैसे ही आग पूरी तरह से काबू होगी और टीमें अंदर जाकर जांच करेगी, जिसके बाद ही अंदर की स्थिति साफ़ होगी। फिलहाल फैक्ट्री से हमें कोई डेडबॉडी नहीं मिली है।
डीसी बोले- मजिस्ट्रेट जांच बिठाई
सोलन के डीसी मनमोहन शर्मा ने बताया कि मिसिंग लोगों की लिस्ट बनाई जा रही है। फैक्ट्री में लगी आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 60 से ज्यादा गाड़ियां आ चुकी हैं। फैक्ट्री की आग पर अभी पूरी तरह से काबू नहीं किया जा सका है। हादसे की मजिस्ट्रेट जांच बैठा दी है। सोलन एडीसी इसकी जांच करेंगे। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बरोटीवाला थाना में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा के पूरे इंतजाम नहीं थे।


