भोपाल| कोलार इलाके में 15 साल के लड़के की डूबने से मौत हो गई। वह पड़ोसी के साथ स्विमिंग पूल में नहाने गया था। पुलिस को दिए बयान में पड़ोसी ने बताया है कि गहराई में जाने से लड़का डूब गया। पानी से निकालकर उसे अस्पताल ले गए, लेकिन बचा नहीं सके। बताया जा रहा है कि स्विमिंग पूल में बिना सेफ्टी दोनों नहा रहे थे। पुलिस शुरुआती जांच में स्विमिंग पूल चलाने वाले मैनेजमेंट की लापरवाही मान रही है। दूसरे एंगल भी भी जांच की जा रही है।
एसआई उदय सिसोदे ने बताया कि आम नगर बावड़िया कला का रहने वाला सोहित कलोसिया (15) पुत्र जगदीश लाल कलोसिया अपने नाना के साथ रहता था। मंगलवार दोपहर 2 बजे पड़ोसी पप्पू अहिरवार के साथ ग्राम सुहागपुर स्थित स्विमिंग पूल में नहाने गया था। नहाने के दौरान लड़का गहरे पानी में चला गया। पप्पू और दूसरे लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में स्विमिंग पूल प्रबंधन की लापरवाही सामने आ रही है। लड़के की मौत करीब 8 फीट गहरे पानी में जाने की वजह से हुई है। पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। स्विमिंग पूल किसका है, इसकी देखरेख की अथॉरिटी किसके पास है? इसकी भी जांच की जा रही है। पुलिस ने पीएम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट वजह सामने आएगी।
पड़ोसी घुमाने के लिए ले गया
सोहित के नाना मोहन लाल भूरोट लक्ष्मी सोसाइटी में हाउस कीपिंग का काम करते हैं। उन्होंने बताया कि मंगलवार दोपहर 2 बजे के करीब वे अपनी झुग्गी ठीक कर रहे थे, तभी पड़ोस में रहने वाला पप्पू अहिरवार, जो ऑटो चलाता है, अपने बेटे के साथ आया और सोहित को घुमाने के लिए साथ लेकर चला गया। शाम को 4.30 बजे के करीब उसके बड़े भाई रोहित को कॉल करके बताया कि सोहित डूब गया है, उसे जेपी अस्पताल लेकर आए हैं। हम लोग जब अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


