भाजपा ने कांग्रेस पर पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का थीम सांग चुराने का इल्जाम लगाया

प्रादेशिक भोपाल मध्‍य प्रदेश

भोपाल| मध्य प्रदेश में सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी ने सोमवार को कांग्रेस पर राज्य में अपनी ‘जन आक्रोश यात्रा’ के लिए पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का थीम सांग चुराने का इल्जाम लगाया है. इस पर अपोजीशन पार्टी कांग्रेस ने पलटवार करते हुए दावा किया कि हरियाणा की बीजेपी वाली सरकार में उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने पाकिस्तानी पार्टी के गाने को ‘कॉपी’ किया और इसी तरह बीजेपी ने राजस्थान में इसका इस्तेमाल किया।.

पाकिस्तानी पार्टी का गाना चुराने का इल्जाम

कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा 19 सितंबर से राज्य के सात जगहों से निकलने वाली है. प्रदेश में इस साल नवंबर में विधानसभा इलेक्शन होने वाले हैं. विवाद तब शुरू हुआ, जब भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई के सचिव राहुल कोठारी ने इल्जाम लगाया कि कांग्रेस ने हाल ही में ‘जन आक्रोश यात्रा’ के लिए जारी गाने ‘चलो, चलो कांग्रेस के संग चलो’ में ‘चलो इमरान के साथ’ की नकल की है, जो कि पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ का थीम सांग है.

दिग्विजय सिंह दे रहे बैकग्राउंड म्यूजिक

भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउंट पर कांग्रेस के चुनाव अभियान गीत के साथ पाकिस्तानी पार्टी के थीम सांग का वीडियो शेयर किया. कोठारी ने इल्जाम लगाया, ‘‘अब तक कांग्रेस पाकिस्तान के पक्ष में और हिंदुस्तान के खिलाफ नारे लगाने वालों को अपना लेती थी. उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस की मध्य प्रदेश इकाई पाकिस्तान के म्यूजिक को भी अपनाने लगी है.’’ उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह जन आक्रोश यात्रा के पोस्टर से गायब हैं, “लेकिन वह बैकग्राउंड म्यूजिक दे रहे हैं.” उन्होंने दावा किया कि यह कोई बड़ी बात नहीं होगी, अगर कांग्रेस का झंडा जल्द ही पूरी तरह हरा हो जाए.

पाकिस्तान से है प्यार

भाजपा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कांग्रेस का पाकिस्तान प्रेम फिर आया सामने. मध्य प्रदेश इलेक्शन में अपने प्रचार गाने के लिए कांग्रेस ने पाकिस्तान में इमरान खान की पार्टी के थीम सांग को ही चुरा लिया. कांग्रेस की ‘चोरी’ की आदत पुरानी है, लेकिन पाकिस्तान से इतना प्यार क्यों? जवाब दे कांग्रेस.’’

भाजपा पर पलटवार

दूसरी तरफ, कमलनाथ के मीडिया सलाहकार पीयूष बबेले ने भाजपा पर राजस्थान और हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान पाकिस्तानी पार्टी का थीम सांग चुराने का इल्जाम लगाया. बबेले ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भाजपा का एक ही मंत्र चोरी और सीनाजोरी. पाकिस्तान के इमरान खान (की पार्टी) का गाना हरियाणा की भाजपा सरकार के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कॉपी किया है. फिल्म जानकार नरोत्तम मिश्रा जी दोनों गाने सुनो और बताओ इतनी पाकिस्तान परस्ती कहां से लाते हो.’’ कांग्रेस ने 17 सितंबर को “चलो, चलो…” गीत पेश किया. यात्रा के “भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और दलितों और महिलाओं के खिलाफ अपराध’’ जैसे मुद्दों को उजागर करने के लिए 15 दिनों में मध्य प्रदेश के सभी 230 विधानसभा इलाकों में 11,400 किलोमीटर की दूरी तय करने की उम्मीद है.

Leave a Reply