मध्य प्रदेश में स्टेट डाटा एंड एनालिटिक्स प्लेटफार्म बनेगा।
वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफार्म का राज्य चैप्टर स्थापित होगा।
धार और बड़वानी विकासखंडों ने केंद्र सरकार से पुरस्कार जीते।
भोपाल। राज्य सरकार ने मध्य प्रदेश में नीति आयोग के सहयोग से स्टेट डाटा एंड एनालिटिक्स प्लेटफार्म स्थापित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके निर्माण में नीति आयोग पूरा सहयोग कर रहा है। विकसित मध्य प्रदेश 2047 का विजन डाक्यूमेंट बनकर तैयार हो चुका है, जिसके स्वरूप के अनुमोदन कराने की अंतिम तैयारी चल रही है।
महिलाओं के नेतृत्व का विकास
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को यह जानकारी शुक्रवार को मंत्रालय में योजना एवं आर्थिक सांख्यिकी विभाग की समीक्षा में दी गई। देवड़ा ने मंत्रालय में विभागीय गतिविधियों की समीक्षा की। बताया गया कि उद्यमिता के माध्यम से महिलाओं के नेतृत्व में विकास को बढ़ावा देने के लिए नीति आयोग ने वूमेन एंटरप्रेन्योरशिप प्लेटफार्म बनाया है। देवड़ा की पहल पर नीति आयोग को इस प्लेटफार्म का स्टेट चैप्टर मध्य प्रदेश में स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया है। सतत विकास लक्ष्यों पर प्रगति मापने के लिए नीति आयोग ने हाल ही में प्रकाशित एसडीजी इंडिया इंडेक्स में प्रदेश के प्रदर्शन को उल्लेखनीय बताया है। मध्य प्रदेश का समग्र स्कोर 2018 में 52 से बढ़कर नवीनतम 2023-24 की रिपोर्ट में 67 हो गया है।
धार और बड़वानी को पुरस्कार
इस प्रकार प्रदेश उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों की श्रेणी में फ्रंट रनर शामिल हो गया है। नीति आयोग द्वारा जारी रैंकिंग में सेंट्रल जोन में तिरला विकासखंड जिला धार ने प्रथम स्थान और पाटी विकासखंड जिला बड़वानी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। पुरस्कार के रूप में केंद्र सरकार से इन दोनों विकासखंडों को क्रमशः डेढ़ करोड़ और एक करोड़ की राशि प्रोत्साहन स्वरूप मिली है। यह भी बताया गया गया कि जन्म-मृत्यु पंजीयन के नए पोर्टल से शत-प्रतिशत पंजीयन का लक्ष्य रखा गया है। जन्म-मृत्यु पंजीयन संशोधित अधिनियम 2023 के पालन में नए नियमों का प्रकाशन भी कर दिया गया है।
समीक्षा बैठक में जन अभियान परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों, योजनाओं एवं संचालित गतिविधियों की समीक्षा भी की गई। इसमें मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम, प्रस्फुटन योजना, नवांकुर योजना, जल गंगा अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां और केन-बेतवा एवं -कालीसिंध चंबल जल कलश यात्रा शामिल थी।


