जबलपुर : ‘सुधर जाओ वरना थाने में घुसकर मारूंगा’ गोली लगने से युवक की मौत से भड़के पूर्व मंत्री ने पुलिस को धमकाया

जबलपुर प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश

जबलपुर| घमापुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की रात गोली मारकर युवक की हत्या कर कर दी गई। इस घटना से नाराज लोगों ने शव लेकर घमापुर थाने का घेराव किया। पूर्व मंत्री अंचल सोनकर और भाजपा कार्यकर्ता भी थाने पहुंचे और हंगामा किया। घटना के लिए खुलेआम अपराधियों को सरंक्षण देने का आरोप थाने में पदस्थ उप निरीक्षक पर लगाया। सीएसपी गोहलपुर के सामने ही पूर्व मंत्री अंचल सोनकर ने खुलेआम पुलिस को चेताया कि सुधर जाओं वरना सुधारने के लिए थाने में घुसकर मारूंगा। घेराव के बाद एक एसआई को लाइन हाजिर किया गया है।

यह है मामला
चांदमारी निवासी राकेश गोटियां (31) एक इलेक्ट्रॉनिक कम्पनी में सेल्स मैन का काम करता था। गुरुवार रात उसने स्वजन को बताया कि वह दोस्त सनी के साथ उसकी ग्वारीघाट ​स्थित ससुराल जा रहा है। रात में राकेश, सनी और शुभम, वहां से लौट रहे थे।

रास्ते में मारी गोली
नवीन दुर्गा मंदिर के पास राकेश ने देखा कि वहां यश थोराट, अनमोल, करण और ​शिवा कुछ लोगों से विवाद कर रहे थे। यह देखकर राकेश ने बाइक रोक दी। आरोपित राकेश को मारने दौड़े, तो राकेश ने बाइक चालू की और भागने लगा। इस दौरान आरोपितों ने उस पर गोली चला दी। गोली राकेश के सिर में जा धंसी। गोली लगते ही बाइक लड़खड़ाई और राकेश समेत सनी और शुभम सड़क पर गिर गए। यह देख आरोपित वहां से भाग निकले।

दोस्त ले गए अस्पताल
राकेश को उसके साथी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले की जानकारी सनी ने राकेश के भाई अमृत को दी। तब तक पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शुक्रवार को मेडिकल अस्पताल में राकेश के शव का पीएम कराया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने उसके सिर में फंसी गोली निकाली। मामले में घमापुर पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस का दावा है कि मामले में ​शिवा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार तीन टीमें बनाई गई हैं, जो अन्य आरोपितों को तलाश रही है।

पूर्व मंत्री ने पुलिस को हड़काया
हत्या की वारदात के बाद शुक्रवार की दोपहर को स्वजन शव लेकर थाने पहुंचे। उनके समर्थन में नाराज पूर्व मंत्री सोनकर सैकड़ो समर्थकों के साथ घमापुर थाने पहुंचे। आरोप लगाया कि पिछले थाने के सरंक्षण में खुलेआम जुआ-सट्टा और नशे का कारोबार हो रहा है। डेढ़ माह में तीन घटना हुई जिसमें चार लोगों की मौत हो गई है। पूर्व मंत्री ने कहा कि, लगातार हत्या, लूट और चोरी की वारदातें हो रही है। थाना प्रभारी और उनका स्टाफ अपरा​धियों पर ​शिकंजा कसने की जगह उन्हें संरक्षण दे रहे है। जिस कारण अपरा​धियों के हौसले बुलंद हो रहे है। इस पर वहां मौजूद सीएसपी राजेश राठौर ने पूर्व मंत्री को समझाने का प्रयास किया, तो वे भड़क गए।

एसआई को किया लाइन हाजिर
थाने पहुंचे पूर्व मंत्री और उनके समर्थकों ने थाने के एसआई ​शिवगोपाल गुप्ता पर भी कई आरोप लगाए। बताया कि गुप्ता का तबादला खमरिया थाने कर दिया गया, इसके बावजूद थाना प्रभारी व अन्य अफसरों से मिलीभगत कर गुप्ता घमापुर में ही जमे हुए हैं। यह जानकारी आला अ​धिकारियों को लगी, तो गुप्ता को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया गया।

Leave a Reply