भोपाल| मध्यप्रदेश में रविवार को भी कड़ाके की ठंड का दौर जारी रहा। कई जिलों में घना कोहरा रहा तो कुछ जिलों में बारिश हुई। सुबह हरदा में तेज पानी गिरा। भोपाल और नर्मदापुरम में बूंदाबांदी होती रही। भोपाल, गुना और सागर समेत कई जिलों में तो धूप भी नहीं निकली। सागर प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां रविवार को दिन का न्यूनतम पारा 17.4 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल दूसरा सबसे ठंडा शहर रहा। यहां तापमान 17.5 डिग्री रहा। इसके अलावा रायसेन में 17.8 डिग्री और गुना में 18.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। ग्वालियर, उज्जैन, इंदौर, जबलपुर, गुना, टीकमगढ़, रतलाम, रीवा, दमोह जिलों में भी मौसम काफी सर्द रहा। सोमवार को भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान है। मौसम विभाग, भोपाल के वैज्ञानिक एसएन साहू ने बताया कि प्रदेश में अगले कुछ दिन तक ऐसा ही मौसम रहेगा। बारिश का सिस्टम गुजरने के बावजूद कड़ाके की ठंड पड़ेगी।
बादल छंटने के बाद ठंड बढ़ेगी
मौसम वैज्ञानिक साहू ने बताया, ‘साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम उत्तर प्रदेश के ऊपर है। दूसरा इंडो साइक्लोनिक सर्कुलेशन राजस्थान के ऊपर है। वहीं, गुजरात से उत्तर प्रदेश तक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इस वजह से मध्यप्रदेश का मौसम भी बदला हुआ है। 8 जनवरी को फिर एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव हो रहा है, जो 12 जनवरी तक रहेगा। इससे भी कोहरा और हल्की बारिश होने का अनुमान है।’ साहू ने बताया कि सिस्टम के बाद बादल छंट जाएंगे। इससे उत्तरी हवाएं प्रदेश में आने लगेंगी। इसकी वजह से रात के टेम्प्रेचर में भी गिरावट आएगी।
बड़े शहरों में शनिवार रात का तापमान
भोपाल 14.1 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
इंदौर 13.2
ग्वालियर 9.5
जबलपुर 16.8
उज्जैन 12.5
(प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान ग्वालियर में 9.5 डिग्री रहा। सबसे ज्यादा उमरिया में 17.4 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।)
लगातार दूसरे दिन भी गुना सबसे ठंडा
शनिवार को भी सर्द हवाओं से ठिठुरन बनी रही। छिंदवाड़ा में सुबह 4 बजे तेज बारिश हुई। ग्वालियर में जॉगिंग करते समय एक युवक की हार्ट अटैक से मौत हो गई। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत 30 जिलों में मध्यम से घना कोहरा रहा। भोपाल, ग्वालियर समेत 11 शहर में शनिवार को दिन का टेम्प्रेचर 20 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। सबसे ज्यादा ठंडा गुना रहा। यहां टेम्प्रेचर 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरी खबर यहां पढ़ें…


