शिवपुरी| शिवपुरी से एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। यहां एक बेरहम पति ने अपने बच्चों के सामने ही अपनी पत्नी की पीट-पीटकर हत्या कर दी। बेटा-बेटी पिता के सामने मां को न पीटने की गुहार लगाते रहे, गिड़गिड़ाते रहे लेकिन वहशी पिता ने बच्चों की एक न सुनी और पत्नी पर तब तक वार करता रहा जबकि उसकी जान नहीं चली गई। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
बच्चों के सामने मां का कत्ल
दिलदहला देने वाली ये वारदात शिवपुरी जिले के बामौरकला थाना इलाके के खिरिया गांव की है जहां रहने वाले सन्नू आदिवासी ने अपनी पत्नी गुड्डी बाई की बेरहमी से लोहे के सब्बल से पीट-पीटकर हत्या कर दी। घटना के वक्त सन्नू का बेटा और बेटी भी घर पर मौजूद थे। जो पिता को रोकने की कोशिश करते रहे, मां को छोड़ने न पीटने की गुहार लगाते रहे, गिड़गिड़ाते रहे लेकिन पिता सन्नू पर सनक इस कदर सवार थी कि उसने बच्चों की एक नहीं सुनी और पत्नी गुड्डी बाई के सिर पर तब तक सब्बल मारता रहा जब तक उसकी मौत नहीं हुई।
चांदी की करधनी को लेकर हुआ था विवाद
बताया गया है कि आरोपी पति सन्नू और पत्नी गुड्डी बाई के बीच चांदी की एक करधनी के एक हिस्से को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के बाद रात में सभी खाना खाकर अपने कमरे में सोने चले गए थे और इसके बाद ही पति सन्नू को ऐसी सनक चढ़ी की पूरे गांव में सनसनी फैल गई। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।


