समाजवादी पार्टी ने रविवार को अपने प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में सपा ने सात प्रत्याशियों के नामों का ऐलान किया है
लखनऊ: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दलों की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी ने अपने प्रत्याशियों की एक और लिस्ट जारी की है। सपा ने इस लिस्ट में सात प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया है। इस लिस्ट में सपा ने पूर्वांचल की सलेमपुर, जौनपुर, मछलीशहर, संतकबीरनगर, डुमरियागंज, श्रावस्ती और फूलपुर लोकसभा सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की है। समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर नए प्रत्याशियों की लिस्ट जारी की है। वहीं सपा प्रवक्ता ने भी इस बात की जानकारी दी।
बसपा से सपा में आए नेताओं पर लगाया दांव
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजपाल कश्यप ने कहा कि पार्टी ने दो बार के लोकसभा सदस्य भीष्म शंकर ‘कुशल’ तिवारी को डुमरियागंज लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि भीष्ण शंकर कुशल तिवारी बसपा के टिकट पर 2007 से 2009 तक खलीलाबाद से और 2009 से 2014 तक संत कबीर नगर से सांसद रहे। बाद में वह दिसंबर, 2021 में वह सपा में शामिल हुए थे। इसके अलावा पार्टी ने मायावती के करीबी रहे बाबू सिंह कुशवाहा को जौनपुर लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। बाबू सिंह कुशवाहा की जन अधिकार पार्टी 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भागीदारी परिवर्तन मोर्चा का हिस्सा थी। हालांकि उनकी पार्टी को कोई सीट हासिल नहीं हुई थी।
ये रहे अन्य प्रत्याशियों के नाम
सपा प्रवक्ता के मुताबिक अन्य प्रत्याशियों में श्रावस्ती से मौजूदा बसपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा इस बार सपा की टिकट पर चुनाव मैदान में हैं। वहीं सपा के पूर्व विधायक लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद को संत कबीर नगर से प्रत्याशी बनाया गया है। उन्होंने बताया कि सलेमपुर निर्वाचन क्षेत्र से पूर्व बसपा लोकसभा सदस्य रमाशंकर राजभर सपा की टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। रमाशंकर राजभर ने 2009 से 2014 तक सलेमपुर लोकसभा का प्रतिनिधित्व किया था। वहीं सपा ने अमरनाथ मौर्य को फूलपुर लोकसभा सीट से और प्रिया सरोज को मछलीशहर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है।


