एजेंसी, मुरादाबाद| ऑपरेशन सिन्दूर की प्रेस ब्रीफिंग के बाद पुरे देश में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह चर्चाओं में बनी रहीं। दोनों महिला सेना अधिकारियों की देश-विदेश में उनकी बहादुरी के खूब चर्चे रहे लेकिन भारतीय राजनीति ने उन्हें एक अलग एंगल से लिया है। सोफिया कुरैशी के बाद अब विंग कमांडर व्योमिका सिंह को लेकर राजनीति शुरू हो गई है।
सपा नेता ने बताई जाति
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सांसद प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने गुरुवार को मुरादाबाद में एक कार्यक्रम के दौरान व्योमिका सिंह को लेकर जातिगत टिप्पणी की। पहले तो उन्होंने व्योमिका सिंह को दिव्या के नाम से संबोधित किया लेकिन मंच पर मौजूद आदित्य यादव के टोकने के बाद उन्होंने व्योमिका सिंह का सही नाम लिया और जातिगत टिप्पणी की।
रामगोपाल यादव ने क्या कहा ?
प्रोफेसर रामगोपाल ने मंच से कहा- ऑपरेशन सिंदूर की ब्रीफिंग में कर्नल सोफिया कुरैशी के साथ शामिल विंग कमांडर व्योमिका सिंह हरियाणा की इस जाति से है लेकिन भाजपा ने राजपूत समझकर व्योमिका के बारे में कुछ नहीं कहा, जबकि मुसलमान होने पर भाजपा के मंत्री ने कर्नल सोफिया कुरैशी काे गाली दी।
पूरा युद्ध पीडीए ने लड़ा है
रामगोपाल यादव ने आगे कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में एयर ऑपरेशन को अंजाम देने वाले एयर मार्शल अवधेश कुमार भारती यादव हैं। एक मुसलमान, दूसरा जाटव और तीसरा यादव। ये तीनों को पीडीए के ही हैं। ये पूरा युद्ध तो पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) ने ही लड़ा। भाजपा किस आधार पर इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही है।
बीजेपी नेता ने दिया था बयान
आपको बता दें, बीते दिनों मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर विवादित बयान दिया था जिसके बाद कोर्ट ने उनके खिलाफ एफआईआर करने का आदेश दिया था। जबलपुर हाई कोर्ट ने मंत्री विजय शाह के बयान पर आपत्ति जताई थी और एफआईआर में खानापूर्ति की बात भी कही थी।


