कोलकत्ता|प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संदेशखाली मुद्दे पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोला। प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर दोषियों को बचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे देश ने देखा है कि कैसे सिस्टम ने अपराध करने वालों को बचाने की कोशिश की। बंगाल के कूचबिहार में एक विशाल रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ''बीजेपी ने संदेशखाली के दोषियों को सजा दिलाने का संकल्प लिया है।'' पीएम मोदी ने आगे कहा कि “भाजपा का ध्यान महिलाओं को सशक्त बनाने पर है। संदेशखाली के दोषी अपना जीवन जेल में बिताएंगे। बंगाल की महिलाओं के साथ हो रहे अन्याय को रोकने के लिए मतदाताओं से भाजपा को मजबूत करने का आग्रह करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ''संदेशखाली की महिलाओं के साथ जो हुआ वह टीएमसी के उत्पीड़न का परिणाम था। भाजपा ने कसम खाई है कि वह संदेशखाली के दोषियों को सजा सुनिश्चित करेगी।
ममता बनर्जी का जताया आभार!
रैली के दौरान कोई बाधा उत्पन्न नहीं करने के लिए ममता बनर्जी पर कटाक्ष करते हुए पीएम मोदी ने कहा, “सबसे पहले, मैं ममता दीदी का आभार व्यक्त करना चाहता हूं। 2019 में मैं इसी मैदान पर एक रैली को संबोधित करने आया था, उस समय उन्होंने इस मैदान को आकार में छोटा करने के लिए इसके बीच में एक मंच का निर्माण करवाया था. उस समय मैंने कहा था कि जनता इसका जवाब देगी.” उन्होंने कहा, ”आज उन्होंने ऐसा कुछ नहीं किया और मुझे आप सभी से मिलने का मौका मिला। मैं आज कोई बाधा उत्पन्न नहीं करने के लिए बंगाल सरकार के प्रति आभार व्यक्त करता हूं।”


