एजेंसी, सक्ती। वेदांता प्लांट धमाका : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक भयानक दुर्घटना हो गई। प्लांट का बॉयलर फटने से अब तक 4 मजदूरों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, जबकि रायगढ़ के अस्पताल से 6 अन्य मजदूरों की जान जाने की खबर सामने आ रही है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है। इस धमाके की चपेट में आने से करीब 30 से 40 मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं।
#UPDATE | 10 dead and 23 injured in the boiler blast at Vedanta Power Plant in Singhi Tarai area of Sikri Hospital: Sakti Collector Amirt Topno https://t.co/QmDAESPXDP
— ANI (@ANI) April 14, 2026
दोपहर के काम के दौरान हुआ जोरदार धमाका
जानकारी के अनुसार डभरा थाना इलाके के सिंघीतराई में स्थित इस बिजली संयंत्र में रोजाना की तरह कामकाज जारी था। दोपहर लगभग 2 बजे अचानक बॉयलर की ट्यूब फट गई, जिससे वहां मौजूद कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। हादसे की खबर मिलते ही पुलिस प्रशासन और दमकल की गाड़ियां राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंच गईं। 18 गंभीर घायलों को इलाज के लिए रायगढ़ के जिंदल फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया है, वहीं 11 अन्य मजदूरों का खरसिया के पद्मावती अस्पताल में उपचार चल रहा है।
परिजनों का आक्रोश और सुरक्षा बल तैनात
हादसे की खबर फैलते ही मजदूरों के परिवार वाले बड़ी संख्या में प्लांट के बाहर जमा हो गए। परिजनों ने अपनों से मिलने और प्रबंधन की लापरवाही को लेकर जमकर हंगामा किया। स्थिति को बिगड़ते देख प्लांट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सक्ती जिले के कलेक्टर अमृत विकास तोपनो खुद स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर मौजूद हैं।
मुख्यमंत्री ने दिए जांच और कार्रवाई के आदेश
राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दर्दनाक हादसे पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि इस मामले की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी इस घटना पर दुख जताते हुए सरकार से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा दिया जाए और घायलों के बेहतर इलाज के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
ये भी पढ़े : महाराष्ट्र सड़क हादसा : ठाणे में वैन और सीमेंट मिक्सर की जोरदार भिड़ंत, 11 यात्रियों की दर्दनाक मौत
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


