एजेंसी, भोपाल| भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई को बुधवार को नया अध्यक्ष मिल गया। बैतूल से विधायक हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश अध्यक्ष का औपचारिक कार्यभार ग्रहण किया। इस मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष वीडी शर्मा ने उन्हें पार्टी का ध्वज सौंपा और भावुक अंदाज में पार्टी कार्यकर्ताओं से विदाई ली। शर्मा ने कहा कि मेरे पांच साल चार महीने के कार्यकाल में यदि मेरे किसी व्यवहार से किसी को ठेस पहुंची हो, तो मैं क्षमा चाहता हूं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में भाजपा की उपलब्धियों के पीछे 41 लाख से अधिक कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण है, जिन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडी शर्मा की सराहना करते हुए उन्हें “भाजपा का शुभंकर” बताया। उन्होंने कहा कि वीडी शर्मा के नेतृत्व में पार्टी ने हर चुनाव में शानदार प्रदर्शन किया और संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया।
शिवराज ने हेमंत खंडेलवाल को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं देते हुए भरोसा जताया कि वे इसे पूरी लगन और कुशलता से निभाएंगे। वीडी शर्मा 15 फरवरी 2020 को प्रदेश अध्यक्ष बने थे। पार्टी के संविधान के अनुसार अध्यक्ष का कार्यकाल तीन साल का होता है, लेकिन 2024 के लोकसभा चुनावों को देखते हुए उन्हें कार्यकाल विस्तार दिया गया। इस तरह वे एक ही कार्यकाल में पांच साल चार महीने तक पद पर बने रहे, जो मध्यप्रदेश भाजपा के इतिहास में सबसे लंबा कार्यकाल है। इससे पहले सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी और नरेन्द्र सिंह तोमर को भी दो बार प्रदेश अध्यक्ष बनने का मौका मिला था, लेकिन वे एक कार्यकाल में इतने लंबे समय तक पद पर नहीं रहे। शर्मा के नेतृत्व में भाजपा को पंचायत, नगरीय निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जीत मिली, जिससे उन्हें पार्टी में एक सफल और मजबूत अध्यक्ष के रूप में याद किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान बोले- खंडेलवाल का सहज नेतृत्व बीजेपी को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा
भारतीय जनता पार्टी के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में हेमंत खंडेलवाल के नाम का आज औपचारिक ऐलान हो गया। भोपाल स्थित प्रदेश कार्यालय में आयोजित समारोह में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की मौजूदगी में उन्हें निर्विरोध चुना गया। इस दौरान किसी अन्य उम्मीदवार ने नामांकन दाखिल नहीं किया था, और खंडेलवाल का नामांकन वैध पाया गया। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि मोहन सरकार पूरी निष्ठा से जनता की सेवा में लगी है और भाजपा को कई अनुभवी नेताओं का सहयोग प्राप्त है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ रहा है। धर्मेंद्र प्रधान ने हेमंत खंडेलवाल को सहज, विनम्र और सभी को साथ लेकर चलने वाला नेता बताया, जो कभी किसी को कष्ट नहीं देते।
वीडी शर्मा ने मांगी क्षमा
पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि पार्टी के संगठन पर्व में इतिहास रचा गया, और विधानसभा व लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं की मेहनत से ऐतिहासिक जीत हासिल हुई। उन्होंने कहा कि अगर उनके किसी व्यवहार या निर्णय से कार्यकर्ताओं या नेतृत्व को चोट पहुंची हो, तो वे क्षमा प्रार्थी हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश देश का नंबर एक राज्य बनेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने हेमंत को बताया आदर्श विधायक
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वीडी शर्मा की टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। हेमंत खंडेलवाल की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वे एक आदर्श विधायक हैं और उनके सुझाव पर ही सीएम राइज स्कूल योजना बनाई गई थी। उन्होंने श्रीकृष्ण का संदर्भ देते हुए कहा कि “मुखिया मुख सो चाहिए, खानपान को एक”—जो सबको साथ लेकर चले।
मुख्यमंत्री मोहन यादव का भावपूर्ण संबोधन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और इसमें सभी ऋतुओं की तरह विविधता है, लेकिन “हेमंत ऋतु” की बात ही कुछ और होती है—क्योंकि उसके बाद सारे त्योहार शुरू होते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति का अर्थ जनता से जुड़ाव है, और भाजपा का हर कार्यकर्ता अपनी भूमिका को मजबूती से निभा रहा है।
हेमंत खंडेलवाल बने मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष, कहा-अनुशासन बड़ा,दाएं-बाएं करने वाले को होगी दिक्कत
मध्यप्रदेश भाजपा को अपना नया अध्यक्ष मिल गया है। भाजपा आफिस में आयोजित कार्यक्रम में हेमंत विजय खंडेलवाल ने मध्य प्रदेश भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पदभार संभाला। इस मौके पर नए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि बीजेपी के इस पर्व की प्रक्रिया पूरी हुई। मैं मानता हूं कि जो दायित्व सौंपा गया है, वो अहम है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने भाजपा में अनुशासन की बात की। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन बड़ा होता है। सब मिलकर काम करते हैं। इस वजह से यहां पर सभी का सम्मान होता है। भाजपा का परिवार कई वर्षों से कांग्रेस के विरुद्ध झंडा बुलंद करता आया है। और आगे भी करता रहेगा उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सम्मान में कोई कमी नहीं आएगी। भाजपा उनके रग रग में है। हेमंत खंडेलवाल ने ये भी मैसेज देने की कोशिश की पार्टी सर्वोपरी है और अनुशासन सबसे बड़ा है। उन्होंने कहा कि पार्टी से जो दाएं-बाएं होगा, उसको दिक्कत होगी। सत्ता और संगठन दोनों मिलकर काम करेंगे। इसके पहले 27 प्रदेश अध्यक्षों ने पार्टी को मजबूत किया है। बद्रीलाल दवे पहले अध्यक्ष थे। सुंदरलाल पटवा भी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बने। मेरे स्वर्गीय पिता भी कुशाभाऊ ठाकरे के पद पर चलते थे। आज हमारे बीच कई लोग नहीं है, मैं उनको याद करता हूं।
कई लोगों ने बीजेपी को आगे ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी को बुलंदियों पर बरकार रखना है, आगे भी ले जाना है। बीजेपी किसी भी कार्यकर्ता को उसकी क्षमता के अनुरूप पद पर बैठाती है। उन्होंने कहा कि विश्व गुरु आज हम नरेंद्र मोदी जी के कारण हैं। अमित शाह, जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में हमें काम करना है। पहले एक मिथक था कि हम पांच साल पूरा नहीं कर पाते हैं। शिवराज सिंह चौहान ने इस मिथक को तोड़ा है। वो कल्याणकारी योजनाएं लेकर आए और वो मिथक टूट गया। इस समय सीएम मोहन यादव भी हमारे प्रदेश में रोजगार और उद्योगों को लाने का काम कर रहे हैं। उनकी साफ-सुथरी छवि, आरएसएस से जुड़ाव और सामान्य वर्ग से आने की पहचान ने उन्हें इस पद के लिए स्वाभाविक पसंद बना दिया। खंडेलवाल की नियुक्ति को संगठनात्मक संतुलन बनाए रखने की दिशा में एक रणनीतिक निर्णय माना जा रहा है, जो भाजपा के वैचारिक मूल्यों और मौजूदा नेतृत्व की कार्यशैली के बीच तालमेल स्थापित करता है। उनके नेतृत्व में पार्टी आगामी चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक विस्तार को लेकर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की तैयारी में है। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष वी.डी. शर्मा समेत भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
प्रदेश अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और वी. डी. शर्मा ने खंडेलवाल को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं। पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने इस मौके पर खंडेलवाल का गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की उम्मीद जताई। बुधवार को भोपाल में केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की उपस्थिति में खंडेलवाल के नाम पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई। खंडेलवाल का चयन निर्विरोध रहा, जिसे पार्टी के भीतर अनुशासन और एकजुटता का प्रतीक माना जा रहा है। निवर्तमान अध्यक्ष वी.डी. शर्मा का कार्यकाल भी समाप्त हो गया। शर्मा ने पांच वर्षों से अधिक समय तक इस पद पर रहते हुए पार्टी को कई राजनीतिक उपलब्धियां दिलाईं। पहले सामने आई गुटबाजी और कई नामों की अटकलों के बीच खंडेलवाल के नाम पर बनी सर्वसम्मति से यह स्पष्ट हो गया कि भाजपा ने एक बार फिर आंतरिक सहमति और अनुशासन को प्राथमिकता दी है।
व्यक्तिगत और राजनीतिक पृष्ठभूमि
1964 में मथुरा में जन्मे हेमंत खंडेलवाल कानून स्नातक हैं और व्यवसाय से जुड़े रहे हैं। वे वरिष्ठ भाजपा नेता विजय कुमार खंडेलवाल के पुत्र हैं। 2008 में अपने पिता के निधन के बाद बैतूल से सांसद बने और 2013 में विधायक चुने गए। 2023 में उन्होंने एक बार फिर विधानसभा में वापसी की। उनकी 41 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति है और उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। भाजपा खेमे में इसे अनुशासन और समन्वय का प्रतीकात्मक संदेश माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि खंडेलवाल की नियुक्ति से भाजपा को एक स्थिर और समन्वित नेतृत्व मिलेगा ।
बैतूल से प्रदेश अध्यक्ष पद तक, हेमंत खंडेलवाल का राजनीतिक सफर बना मिसाल
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान जल्द ही हेमंत विजय खंडेलवाल को मिलने जा रही है। आदिवासी बहुल बैतूल जिले से निकले खंडेलवाल का राजनीतिक सफर न सिर्फ जिले के लिए गर्व का विषय है, बल्कि प्रदेश के लाखों कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। हेमंत खंडेलवाल ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत भारतीय जनता युवा मोर्चा के मंडल कोषाध्यक्ष के रूप में की थी। गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा ने कहा कि खंडेलवाल का प्रदेश अध्यक्ष बनना हम जैसे जमीनी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा है।
सादगी की मिसाल, कार्यकर्ताओं के सच्चे नेता
स्वर्गीय विजय कुमार खंडेलवाल के पुत्र हेमंत खंडेलवाल को बैतूल में ‘विकास पुरुष’ कहा जाता है। विधायक रहते हुए उन्होंने कभी सुरक्षा गार्ड नहीं रखा, न ही गाड़ी पर नाम पट्टिका लगाई, और न ही सरकारी आवास लिया। वे हमेशा सादगी और “सादा जीवन, उच्च विचार” के मूल्यों पर चलते रहे।
जनसेवा और विकास कार्यों को दी प्राथमिकता
भाजपा कार्यकर्ता विशेष व्यास ने बताया कि हेमंत खंडेलवाल ने सड़कों, डेमों, नालियों जैसे बुनियादी विकास कार्यों पर विशेष ध्यान दिया। उनके द्वारा कराए गए निर्माण कार्यों से किसानों और आमजन को बड़ा लाभ मिला है।
हर वर्ग के लिए सहज उपलब्ध
भाजपा कार्यकर्ता अखिलेश ठाकुर ने बताया कि खंडेलवाल किसी भी वर्ग या स्तर के व्यक्ति की मदद के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं। छोटे से छोटे कार्यकर्ता का भी फोन रात 1 बजे तक खुद उठाते हैं और समाधान निकालते हैं।
अंत्योदय की भावना से जुड़ा व्यक्तित्व
अंशुल राजपूत ने बताया कि हेमंत खंडेलवाल पंडित दीनदयाल उपाध्याय के “अंत्योदय” के विचारों को आत्मसात करते हुए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की चिंता करते हैं। उनकी संवेदनशीलता और सेवा भावना कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देती है।
नेतृत्व से मप्र को मिलेगा अनुभव का लाभ
भाजपा कार्यकर्ता लोकेश साहू का कहना है कि खंडेलवाल ने बैतूल जिले में वर्षों तक विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है। अब प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पूरे मध्यप्रदेश को उनके अनुभव और नेतृत्व का लाभ मिलेगा। भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच हेमंत खंडेलवाल की नियुक्ति को लेकर उत्साह का माहौल है और इसे एक सकारात्मक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है।


