सुनेत्रा पवार

महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार ने संभाली एनसीपी की कमान, पार्टी की बैठक में सर्वसम्मति से चुनी गईं अध्यक्ष

देश/प्रदेश महाराष्ट्र राष्ट्रीय

एजेंसी, मुंबई। महाराष्ट्र की उप मुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। अधिवेशन में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें सर्वसम्मति से अपना अध्यक्ष बनाया है। पार्टी नेता प्रफुल्ल पटेल ने आधिकारिक रूप से इसकी घोषणा की। गौरतलब है कि 28 जनवरी को अजित पवार के निधन के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में शून्य की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसके बाद सुनेत्रा पवार ने आगे आकर उप मुख्यमंत्री का पद संभाला था और अब वह एनसीपी की अध्यक्ष भी चुनी गई हैं।

पार्टी अधिवेशन में नेताओं और कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अजित के करीबी रहे प्रफुल्ल पटेल ने भावुक भाषण दिया। उन्होंने अजित पवार के बाद नेतृत्व में हुए बदलावों के दौरान पार्टी के भीतर चली गहन चर्चाओं और अटकलों को याद किया। उन्होंने कहा कि तमाम बहसों के बावजूद आगे की राह को लेकर पार्टी नेतृत्व में पूरी स्पष्टता और एकता थी। पटेल ने खुद को अजित पवार का 35 वर्षों से सहयोगी, कार्यकर्ता, नेता और पार्टी का संस्थापक सदस्य बताते हुए औपचारिक रूप से सुनेत्रा के नाम का प्रस्ताव रखा। उ्होंने जोर दिया कि एनसीपी को नए नेतृत्व में एकजुटता और नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ना चाहिए। पटेल के इस प्रस्ताव को वहां मौजूद सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं का समर्थन मिला। इसके बाद सुनेत्रा को आधिकारिक रूप से एनसीपी की अध्यक्षा घोषित किया गया।

ये भी पढ़े : एआई समिट हंगामा मामले में उदय भानु 4 दिन हिरासत में : पुलिस बोली- इंडियन यूथ कांग्रेस प्रेसिडेंट ही मास्टरमाइंड

बारामती विधानसभा उपचुनाव लड़ेंगी सुनेत्रा पवार
अजित पवार के दुखद निधन के बाद खाली हुई बारामती विधानसभा सीट के लिए सुनेत्रा पवार को यहां से उम्मीदवार बनाए जाने की खबर है। उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाली सुनेत्रा को जल्दी ही विधानसभा की सदस्यता भी लेनी होगी। बारामती सीट पर 2024 के चुनाव में अजित पवार ने अपने भतीजे युगेंद्र पवार को 1 लाख से ज्यादा मतों से हराया था। वह महाराष्ट्र के सबसे लंबे समय तक गैर-लगातार कार्यकाल तक उपमुख्यमंत्री रहने वाले नेता थे।

उन्होंने विभिन्न सरकारों में छह बार उपमुख्यमंत्री के रूप में कार्य किया। वह पृथ्वीराज चव्हाण, देवेंद्र फडणवीस, उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे की सरकारों में उपमुख्यमंत्री रहे। आपको बता दें, यह पूरा घटनाक्रम 28 जनवरी को हुई दुखद घटना के बाद शुरू हुआ था, जिसमें महाराष्ट्र के बड़े नेता अजित पवार का निधन हो गया था। पवार के निधन के बाद लगातार यह चर्चा चल रही थी कि एनसीपी के दोनों धड़ों का विलय हो सकता है। हालांकि, सुनेत्रा पवार ने शपथ लेकर ऐसी किसी भी संभावना को शांत कर दिया। पवार के निधन को लेकर अभी भी राजनीति जारी है, कई लोगों ने उनके निधन को साजिश करार दिया है।

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply