एजेंसी, पटना। बिहार का नया मुख्यमंत्री : बिहार की राजनीति में एक बड़ा बदलाव हुआ है। मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में हुई बैठक में सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से विधायक दल का नया नेता चुन लिया गया है। इस फैसले के साथ ही यह तय हो गया है कि बिहार में बनने वाली राजग की नई सरकार की कमान अब सम्राट चौधरी के हाथों में होगी। वे राज्य के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
#NDA4Bihar pic.twitter.com/Au0AzTAMof
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) April 14, 2026
शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में हुआ फैसला
भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में हुई इस महत्वपूर्ण बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि निवर्तमान उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को दिलीप जायसवाल और मंगल पांडेय जैसे वरिष्ठ नेताओं ने अपना समर्थन दिया। इसके बाद सभी विधायकों ने एक सुर में सम्राट चौधरी को अपना नेता स्वीकार कर लिया। अब राजग विधायक दल की बैठक में उनके नाम की औपचारिक घोषणा की जाएगी। नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने पार्टी के बड़े नेताओं का शुक्रिया अदा किया।
उपेंद्र कुशवाहा ने दी बधाई
सम्राट चौधरी को यह नई जिम्मेदारी मिलने पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सम्राट चौधरी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।
नीतीश कुमार का इस्तीफा और जनता का शुक्रिया
इससे पहले नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर राज्य की जनता के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। नीतीश कुमार ने कहा कि 2005 से राज्य में कानून का शासन स्थापित है और उनकी सरकार ने बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग, चाहे वह पिछड़ा हो, दलित हो या अल्पसंख्यक, सबके लिए काम किया है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि जैसे क्षेत्रों में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया।
नीतीश और शाह की भविष्यवाणी हुई सच
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की चर्चाएं काफी समय से चल रही थीं। नीतीश कुमार ने कुछ समय पहले ही एक कार्यक्रम के दौरान सम्राट के पिता शकुनी चौधरी से कहा था कि उनका बेटा बहुत मेहनती है और भविष्य में बहुत आगे जाएगा। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने भी पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान तारापुर में एक रैली में वादा किया था कि सम्राट चौधरी को बहुत बड़ा आदमी बनाया जाएगा।
आरजेडी से भाजपा तक का सफर
सम्राट चौधरी ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत लालू प्रसाद यादव की पार्टी से की थी और पहली बार साल 2000 में विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद वे जेडीयू में शामिल हुए और साल 2018 में उन्होंने भाजपा का दामन थामा। भाजपा में आने के बाद उन्होंने संगठन में अपनी पकड़ मजबूत की और 2022 में प्रदेश अध्यक्ष बने। 2024 में उन्हें डिप्टी सीएम बनाया गया और अब 2026 में वे बिहार में भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।
नई सरकार से विकास की उम्मीद
नीतीश कुमार ने अपने संदेश में उम्मीद जताई कि ‘सात निश्चय’ योजना के अगले चरणों के माध्यम से बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। उन्होंने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी के सहयोग के लिए उनका आभार जताया। राज्यपाल ने नीतीश कुमार को नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालने को कहा है। अब सबकी नजरें कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह पर टिकी हैं।
ये भी पढ़े : इंदौर राजस्व विभाग में भारी फेरबदल : कई तहसीलों के अफसर बदले गए और लापरवाही बरतने वालों पर गिरी गाज
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


