एजेंसी, गोवा। गोवा के नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ अग्निकांड मामले में मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स, सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को नॉर्थ गोवा की एक कोर्ट ने बुधवार को पांच दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया। पुलिस आज सुबह दोनों को दिल्ली से गोवा लेकर आई थी। जिला अस्पताल में दो बार हेल्थ चेक-अप के बाद दोनों को कोर्ट में पेश किया गया।
इससे पहले दोनों को मंगलवार को थाइलैंड से दिल्ली लाया गया था। भारतीय सुरक्षा अधिकारी दोनों भाइयों के साथ मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतरे। दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस की टीम ने दोनों को एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद दोनों की दिल्ली में मेडिकल जांच कराई और पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया। मजिस्ट्रेट ट्विंकल चावला ने 2 दिन की ट्रांजिट रिमांड की मंजूरी दी। सौरभ और गौरव लूथरा बिर्च नाइट क्लब के मालिक हैं। क्लब में 6 दिसंबर को आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद दोनों भाई थाईलैंड भाग गए थे। थाईलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को फुकेट में दोनों भाइयों को हिरासत में लिया। आज सुबह उन्हें बैंकॉक से भारत डिपोर्ट किया गया था।
दोनों भाई थाईलैंड में खाना खाने निकले, तभी पकड़े गए
सूत्रों के अनुसार, 9 दिसंबर को थाई अधिकारियों को पता चला कि भारतीय सुरक्षा एजेसियां जिन भाइयों को ढूंढ रही है, वे फुकेट में छिपे हैं। भारतीय एजेंसियों से इनपुट मिलने के बाद थाई अधिकारियों ने पहले ही होटलों पर नजर रखनी शुरू कर दी थी। 11 दिसंबर को जब दोनों भाई होटल से बाहर खाना खाने के लिए निकले तो थाई इमिग्रेशन और पुलिस अधिकारियों ने उनकी पहचान और यात्रा की डिटेल्स वेरिफाई कीं और पकड़ लिया। दोनों पर गैर-इरादतन हत्या और लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें : श्रमिक परिवारों को राहत, सीएम मोहन यादव करेंगे 160 करोड़ की सहायता राशि ट्रांसफर


