एजेंसी, नई दिल्ली। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में 18 मार्च को हुई एक हिंसक घटना में एक भारतीय नागरिक की जान चली गई है। इस दुखद खबर पर भारतीय दूतावास ने अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। दूतावास प्रशासन इस समय मृतक के परिजनों और वहां के स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार तालमेल बिठा रहा है ताकि पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता पहुंचाई जा सके।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक संदेश साझा करते हुए कहा कि रियाद में हुई हालिया घटनाओं के कारण एक भारतीय नागरिक की मृत्यु अत्यंत कष्टदायक है। दूतावास ने स्पष्ट किया है कि वे इस कठिन समय में परिवार की मदद के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। विदेश मंत्रालय के संयुक्त सचिव असीम महाजन ने इस मामले पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्हें कल देर रात रियाद में हुए एक हमले के दौरान इस भारतीय नागरिक की मौत की सूचना मिली थी। रियाद स्थित भारतीय मिशन पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द स्वदेश लाने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर कानूनी और प्रशासनिक कार्यवाही पूरी कर रहा है।
ये भी पढ़े : जमीन के बदले नौकरी घोटाला : लालू प्रसाद यादव की याचिकाएं कोर्ट ने की खारिज, कहा- मुकदमे में देरी करने की कोशिश कतई बर्दाश्त नहीं
असीम महाजन ने यह भी बताया कि पश्चिम एशिया के अलग-अलग देशों में हुई विभिन्न दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं में अब तक कुल 6 भारतीय नागरिकों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि एक अन्य नागरिक अभी भी लापता है। सऊदी अरब के अलावा ओमान, इराक और यूएई में मौजूद भारतीय दूतावास लापता व्यक्ति की तलाश करने और जान गंवाने वाले भारतीयों के शवों को वापस भारत भेजने के लिए संबंधित देशों की सरकारों के संपर्क में हैं।
इस बीच विदेश मंत्रालय ने राहत भरी खबर भी साझा की है। एमटी सेफसी विष्णु जहाज के 15 भारतीय चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है। वे कल इराक से निकल चुके थे और आज सऊदी अरब के रास्ते भारत पहुंचने की संभावना है। इनके अलावा 24 अन्य भारतीय नाविक भी सुरक्षित स्वदेश लौट आए हैं, जिनमें एमवी एमकेवी वियोम के 16 और स्काईलाइट जहाज के 8 सदस्य शामिल हैं। ये सभी ओमान के रास्ते भारत पहुंच चुके हैं।


