एजेंसी, लखनऊ। अयोध्या में रविवार को 9वां दीपोत्सव बड़े ही धूमधाम से मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राम की पैड़ी पर मां सरयू की आरती की है। वहीं अयोध्या स्थित सरयू तट पर बने 56 घाटों पर 26 लाख 11 हजार से अधिक दिये प्रज्ज्वलित किये गये हैं। जिसे विश्व रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया है। इस दौरान अयोध्या में गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम भी मौजूद रही है। मुख्यमंत्री ने पूजा-अर्चना करने के बाद अपने संबोधन में दीपोत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, ‘‘जब हमने 2017 में अयोध्या धाम में दीपोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया, तो इसके पीछे हमारा उद्देश्य दुनिया को यह दिखाना था कि वास्तव में दीप कैसे जलाए जाते हैं।’’ मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रति विपक्षी दलों के रुख को लेकर उन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, ‘‘इसी अयोध्या में राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान कांग्रेस ने कहा था कि राम एक मिथक हैं, जबकि समाजवादी पार्टी ने राम भक्तों पर गोलियां चलवाई थीं।’’ उन्होंने पिछले वर्ष हुए राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के निमंत्रण को कथित रूप से अस्वीकार करने को लेकर भी विपक्षी दलों की आलोचना की। आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘ये वही लोग हैं जो बाबर की कब्र पर सजदा करते हैं, लेकिन जब उन्हें श्रीराम जन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा समारोह में आमंत्रित किया जाता है, तो वे निमंत्रण अस्वीकार कर देते हैं।’’ मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने अयोध्या में आए बदलावों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अयोध्या अब ‘‘विकास और विरासत का अद्भुत संगम’’ प्रस्तुत करता है। उत्सव की भव्यता जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में एक करोड़ 51 लाख दीप जलाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज उत्तर प्रदेश को पहचान के संकट का सामना नहीं करना पड़ रहा है। जहां कभी गोलियां चलती थीं, आज वहां दीप जलाए जा रहे हैं।’


