नवविवाहिता की पहली उड़ान बनी आखरी, पति से जा रही थी मिलने खुशबू

गुजरात राजस्थान राष्ट्रीय राष्ट्रीय

एजेंसी, जोधपुर| अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में राजस्थान के बालोतरा जिले की रहने वाली खुशबू राजपुरोहित की भी जान चली गई। चार महीने पहले ही खुशबू की शादी हुई थी और वह अपने पति से मिलने लंदन जा रही थी। यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी, लेकिन किसे पता था कि यह उनकी जिंदगी की आखिरी उड़ान होगी।

चार महीने पहले हुई थी शादी
जानकारी के मुताबिक, बालोतरा जिले के अरबा गांव की खुशबू राजपुरोहित का विवाह चार महीने पहले जोधपुर के खरबेरा निवासी विपुल राजपुरोहित के साथ बड़े धूमधाम से हुआ था। विपुल लंदन के एक सरकारी अस्पताल में डॉक्टर के रूप में कार्यरत हैं। शादी के बाद विपुल लंदन लौट गए थे, और अब खुशबू अपने पति से मिलने जा रही थी। लेकिन अहमदाबाद में हुए विमान हादसे ने उनकी जिंदगी छीन ली।

एयरपोर्ट पर खुशबू का वीडियो वायरल
खुशबू का एयरपोर्ट में प्रवेश करते समय का एक वीडियो सामने आया है। साथ ही, उनकी शादी के चार महीने पुराने वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियोज को देखकर परिवार और गांव वालों का गम और आंसुओं का सैलाब थम नहीं रहा। पूरे अरबा गांव और खरबेरा में शोक की लहर है।

परिवार का विश्वास: “हमारी बेटी वापस आएगी”
अरबा से खरबेरा तक हर तरफ मातम का माहौल है। लोग खुशबू को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर उनकी शादी की विदाई के वीडियो भी वायरल हो रहे हैं। हालांकि, हादसे में खुशबू की मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन जानकारी के अनुसार, विमान में सवार एक व्यक्ति को छोड़कर सभी की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद परिवार के लोग उम्मीद नहीं खो रहे और कह रहे हैं, “हमारी बेटी जरूर घर लौटेगी।”

विमान हादसे में 241 लोगों की मौत
गौरतलब है कि गुरुवार को अहमदाबाद से लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान AI-171, सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस बोइंग 787-8 ट्विन जेट विमान में 230 यात्री और 12 चालक दल के सदस्य समेत कुल 242 लोग सवार थे। हादसे में 241 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। विमान में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 1 कनाडाई और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे।

Leave a Reply