रामलला प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर सरकारी कर्मचारियों को लगातार 3 दिन की मिलेगी छुट्टी
भोपाल| देश की तरह एमपी में भी अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर जश्न की तैयारियां चल रहीं हैं। इस मौके पर राज्य सरकार ने कर्मचारियों को बड़ी सौगात देते हुए अवकाश देने की प्रक्रिया चालू कर दी है। रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन यानि 22 जनवरी को सरकारी अवकाश का प्रस्ताव प्रदेश की मुख्य सचिव की मंजूरी के लिए भेज दिया गया है।
22 जनवरी को सरकारी अवकाश का प्रस्ताव
देश की तरह एमपी में भी अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर जश्न की तैयारियां चल रहीं हैं। इस मौके पर राज्य सरकार ने कर्मचारियों को बड़ी सौगात देते हुए अवकाश देने की प्रक्रिया चालू कर दी है। रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के दिन यानि 22 जनवरी को सरकारी अवकाश का प्रस्ताव प्रदेश की मुख्य सचिव की मंजूरी के लिए भेज दिया गया है। इसे जल्द ही इसे अप्रूवल मिलने की संभावना है। राज्य के अधिकारी कर्मचारी अधिकारी इस दिन को उत्सव के रूप में मना सकें, इसके लिए 22 जनवरी को सरकारी अवकाश घोषित किया जा रहा है। मुख्य सचिव का अप्रूवल मिलते ही 22 जनवरी की छुट्टी के आदेश जारी कर दिए जाएंगे। खास बात यह है कि 22 जनवरी की छुट्टी मिलते ही सरकारी अमले को लगातार तीन दिन का अवकाश मिल जाएगा।
चक्रवात का असर, कई 25 जिलो में बारिश का तांडव
भोपाल| राजस्थान में बने चक्रवात का असर एमपी में, अन जिलों में कोहरा और बारिश का तांडव रविवार की सुबह होते ही राजधानी भोपाल में तेज धूप ने लोगों को फरवरी-मार्च के दिन याद दिला दिए। प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा अब भी बना हुआ है, लेकिन ज्यादातर जिलों में मौसम ने अचानक तेवर बदल लिए हैं। वहीं मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि 16 जनवरी को एक बार फिर नया पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है, जिसके बाद मौसम फिर बिगड़ेगा। भारतीय मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कई जिलों में ठंड बढऩे और घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि कई जिलों में पश्चिमी विक्षोभ के कारण बादल छाएंगे। बादलों के कारण मौसम के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। राजस्थान में बने चक्रवात और अफगानिस्तान में हुए पश्चिमी विक्षोभ के असर से मध्य प्रदेश में इस हफ्ते यानी 16 जनवरी से 20 जनवरी तक ठंड और बढ़ सकती है। येलो अलर्ट जारी : मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों का पूर्वानुमान जारी करते हुए रीवा, मऊगंज, सतना, मुरैना, श्योपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, ग्वालियर, दतिया और भिंड जिलों में मध्यम से घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी करते हुए येलो अलर्ट जारी किया हैं।
मध्य प्रदेश : भाजपा नेता जुटे मंदिरों की सफाई में
भोपाल। अयोध्या के राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा होने वाली है। इससे पहले भाजपा ने देश व्यापी मंदिर स्वच्छता अभियान शुरू किया है। मध्य प्रदेश के मंदिरों में रविवार को भाजपा के तमाम नेताओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर शुरु हुए अभियान में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने उज्जैन के राम जर्नादन मंदिर पहुंचकर प्रदेश की सुख समृद्धि के लिए पूजा अर्चना की और मंदिर परिसर में झाड़ू लगाई। इसी तरह भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने मंदिर स्वच्छता अभियान के तहत रविवार को पन्ना के श्री बलदेव जी मंदिर में झाडू लगाकर पानी से पूरे मंदिर परिसर में सफाई की। इस दौरान पूर्व मंत्री व विधायक वृजेन्द्र प्रताप सिंह ने भी हिस्सा लिया। भाजपा के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और विधायक भगवान दास सबनानी ने राजधानी के स्मार्ट सिटी स्थिति राम मंदिर में स्वच्छता अभियान के तहत झाड़ू लगाई। प्रदेश संगठन मंत्री हितानंद ने इंदौर के अन्नपूर्णा मंदिर में पूजा अर्चना कर सफाई अभियान में हिस्सा लिया।
इस मौके पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव व मंत्री तुलसी राम सिलावट सहित अन्य नेता मौजूद रहे। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि भाजपा ने आज से प्रदेशभर के मंदिरों की सफाई का अभियान शुरू किया है। हालांकि पन्ना में यह अभियान करीब एक सप्ताह पहले से ही चल रहा है। पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता प्रदेश में 21 जनवरी तक मंदिरों की साफ-सफाई करेंगे। 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा का शुभ अवसर पर प्रदेशभर के मंदिरों में भजन-कीर्तन, पूजा-पाठ, हवन और भंडारे होंगे। उन्होंने आगे कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघचालक मोहन भागवत की मौजूदगी में 22 जनवरी को अयोध्या के भव्य राम मंदिर में श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा होने जा रही है। 22 जनवरी का दिन भारत ही नहीं दुनिया के लिए ऐतिहासिक दिन होगा। भगवान रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर देश की 140 करोड़ जनता उत्साहित है।
लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस में 3 स्तरों पर सर्वे, टिकट पर होगा विचार
भोपाल। विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद मप्र कांग्रेस लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। पार्टी ने तय किया है कि लोकसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी का चयन तीन स्तर पर सर्वे कराकर किया जाएगा। इसमें नाम आने पर ही टिकट के लिए संबंधित के नाम पर विचार होगा। एक सर्वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी करा रही है तो दो सर्वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा कराए जा रहे हैं। इसमें एक सर्वे लोकसभा समन्वयकों का होगा तो दूसरा प्रभारी द्वारा किया जाएगा। 31 जनवरी तक यह कार्य पूरा करके अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को रिपोर्ट दी जाएगी, जिसके आधार पर प्रत्याशी चयन होगा।प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों में से पिछले चुनाव में कांग्रेस ने केवल एक सीट छिंदवाड़ा में जीती थी। यहां से पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ के पुत्र नकुल नाथ निर्वाचित हुए थे। विधानसभा चुनाव परिणामों के अनुसार 10 लोकसभा क्षेत्रों में कांग्रेस की बढ़त रही है। इनको केंद्र में रखकर पार्टी काम कर रही है।
सुनील कानूगोलू की टीम कर रही सर्वे
प्रत्याशी चयन के लिए एक सर्वे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी सुनील कानूगोलू की टीम से करा रही है। इसके अतिरिक्त पार्टी ने 29 लोकसभा क्षेत्र के लिए समन्वयक नियुक्त किए हैं। ये संबंधित क्षेत्र के पार्टी पदाधिकारियों, विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत के अध्यक्ष समेत मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारियों से चर्चा करके दावेदारों में से एक नाम पर सहमति बनाने का प्रयास करेंगे। वहीं, लोकसभा प्रभारी भी अपने स्तर पर सर्वे करके नाम प्रस्तावित करेंगे। इन सर्वे में नाम आने पर ही टिकट के लिए विचार होगा। सूत्रों का कहना है कि जितेंद्र सिंह ने दो-तीन नाम प्रस्तावित करने के स्थान पर प्रत्येक सीट के लिए एक-एक नाम देने के लिए कहा है, ताकि टिकट को लेकर खींचतान की संभावना ही न रहे।
भोपाल : लाउंज के बाहर खड़ी गाड़ियों मे की तोड़फोड़
भोपाल। एमपी नगर स्थिर लैटिट्यूड लाउंज के बाहर,खड़ी गाड़ियों में शनिवार रात को तोड़फोड़ की गई। अज्ञात आरोपी ने लाउंज के बाहर खड़ी कई गाड़ियों के कांच तोड़े। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। सीसीटीवी में पूरी घटना कैद हो गई है, जिसमें तोड़फोड़ करने समय और दिनांक भी साफ दिखाइ्र दे रही है। यानी 11 बजे के बाद भी लाउंज खुला हुआ था। घटना देर रात 12.44 बजे की है। मतलब एमपी नगर मे 11 बजे मार्केट बंद होने के नियमों का पालन नहीं करवाया जा रहा है। राजधानी में इस तरह की घटनाएं आए दिन दिख रही है इससे कानून व्यवस्था पर सवाल उठ रहे है। फिलहाल अज्ञात आरोपित का कोई पता नहीं चल सका है।
सीएम का करीबी बताकर ट्रांसफर के नाम पर ठग रहा था 10वीं फेल
भोपाल। प्रदेश में नई सरकार बनने के बाद एक शातिर ठग खुद को सीएम डा. मोहन यादव का खास बताकर लोगों के शासकीय काम करवाने का झांसा देकर ठगी कर रहा था। शिकायत मिलने के बाद भोपाल पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित नवीन सिंह (40 वर्ष) इंदौर के राजेंद्र नगर में स्थित चाणक्य काम्पलेक्स नालंदा परिसर का रहने वाला है। वह खुद को मुख्यमंत्री मोहन यादव का करीबी बताकर अधिकारियों के लोगों को उनके उच्च पद पर तैनाती और ठेके दिलाने का झांसा दे रहा था। वह मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण के बाद से ही सक्रिय हो गया था और पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव के विंध्य कोठी निवास तक पहुंच गया था। बाद में जिला भाजपा संगठन को उसकी कारगुजारियों की जानकारी मिली तो उसके खिलाफ 13 दिसंबर को क्राइम ब्रांच में शिकायत की गई थी। बाद में आरोपित पर चार जनवरी को एफआइआर दर्ज कर उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था। क्राइम ब्रांच करीब दस दिन से इस मामले को छिपाए हुए थी। आरोपित दसवीं फेल है।
पुलिस भी खा गई थी गच्चा
मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव 13 दिसंबर को जब मुख्यमंत्री पद की शपथ ले रहे थे, उसी दौरान इंदौर निवासी नवीन सिंह राठौर खुद को उनका और भाजपा के बड़े नेताओं का करीबी बताते हुए विंध्य कोठी तक पहुंच गया था। पुलिस ने उसे रोका भी था, लेकिन उस समय उसने पुलिस के सामने कई लोगों के नाम बता दिए थे, इस कारण से पुलिस गच्चा खा गई थी। जब आरोपित की लोगों को तबादला कराने, ठेके दिलवाने और अवैध जमीन पर कब्जा दिलाने का झांसा देने जैसी शिकायतें खुद मुख्यमंत्री तक पहुंचीं, तो सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया।
अनेक लोगों को दिया झांसा
क्राइम ब्रांच की जांच में सामने आया है कि नवीन ने करीब आधा दर्जन शिक्षकों की नियुक्ति मंत्रालय में कराने, ननि इंदौर में नौकरी लगवाने, तबादला करवाने जैसे झांसे देकर लोगों को ठगा है। आरोपित ने गिरफ्तारी के बाद बताया कि वह इंदौर में मसालों के साथ डायफ्रूट की दुकान चलाता है। उसके रिश्तेदार संघ के करीबी हैं।वह खुद को भी संघ का प्रचारक बता रहा था।
आवारा कुत्ते पकड़ने से रोकने वाले पशुप्रेमियों को पुलिस ने हिरासत में लिया
भोपाल। अयोध्या बायपास मिनाल रेसीडेंसी क्षेत्र में आवारा श्वान द्वारा एक दुधमुंहे बच्चे को शिकार बनाने की घटना के बाद श्वनों को पकड़ने पहुंचे नगर निगम के अमले को रोकने वाले पशुप्रेमियों को पुलिस ने रविवार को हिरासत में ले लिया। इनमें निशेज सिंह, नेहा यादव, निशा द्विवेदी, निशेज अरोरा और द्रोपदी त्रिपाठी शामिल हैं। इनके खिलाफ एक दिन पहले ही पुलिस ने निगम अमले की शिकायत पर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने समेत अन्य धाराओं में एफआइआर दर्ज की थी। पुलिस इन आरोपितों को जल्द ही कोर्ट में पेश कर सकती है।
ननि अमले से की थी झूमाझटकी
गौरतलब है कि मिनाल रेसीडेंसी में साढ़े छह माह के मासूम केशव को श्वान नोंच- नोंचकर मारने वाली घटना की जानकारी जब रहवासियों ने नगर निगम के डाग स्क्वाड को दी थी तो अमला सक्रिय होकर गुरुवार को इन श्वान को पकड़ने के लिए पहुंचा था। लेकिन तब इन पशुप्रेमियों ने नगर निगम की कार्रवाई का विरोध किया था। यहां तक कि नगर निगम अमले के साथ झूमाझटकी भी की थी।
52 आवारा श्वानों को पकड़ा
उधर, नगर निगम के अमले ने कार्रवाई करते हुए शनिवार को 52 आवारा श्वानों को पकड़ा है। घटना को लेकर मुख्यमंत्री और कलेक्टर के निर्देश के बाद नगर निगम के अमले ने आवारा श्वानों को पकड़ने की कार्रवाई शुरू की है। निगमायुक्त फ्रैंक नोबल ए ने भी घटना के बाद सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद से निगम अमले ने मिनाल रेसीडेंसी, अयोध्या बायपास सहित आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से 52 आवारा श्वानों को दबोचा है। अमले द्वारा श्वानों को पकड़ने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। नगर निगम ने आमजन से भी अमले का सहयोग करने के लिए अपील की है और आवारा श्वानों से संबंधित शिकायत करने के लिए निगम के काल सेंटर नंबर 155304 पर सूचना देने के लिए कहा है।
भोपाल में काइट फेस्टिवल का शुभारंभ, सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने उड़ाई पतंग
भोपाल। राजधानी के मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को दो दिवसीय मकर संक्रांति महोत्सव के तहत काइट फेस्टिवल का शुभारंभ हुआ। भोपाल की सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर, खेल व युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग, विधायक भगवान दास सबनानी, जिला पंचायत अध्यक्ष रामकुमार गुर्जर, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी सहित अन्य गणमान्य हस्तियों ने सूर्य भगवान को अर्घ्य देकर व पतंग उड़ाकर पतंगोत्सव का शुभारंभ किया। इस मौके पर स्टेडियम के भीतर छोटे से लेकर बडे़ आकार की पतंगें आसमान में उड़ाई गईं। इसके अलावा यहां मलखंभ, हल्दी-कुंकुम, भांगड़ा, गिद्धा का प्रदर्शन भी किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन पर आधारित कैलेंडर का विमोचन भी किया गया।
05 से 30 फीट तक की पतंगें उड़ाईं
इस पतंगोत्सव के लिए विशेष रूप से गुजरात से आए कलाकारों द्वारा बड़े आकर की विशेष जाइन्ट काइट्स को हवा में उड़ाया गया, जिनका आकार 5 से 30 फीट तक था। इनमें कार्टून ,शेर एवं विभिन्न आकृतियों की पतंग प्रोफेशनल द्वारा उड़ाई गईं।
स्टेडियम परिसर में स्वरोजगार से जुड़ी महिला उद्यमी, महिला स्वसहायता समूह सहित अन्य उत्पादकों के स्टाल भी लगाये गये हैं। स्थल पर तिल गुड़ स्पेशल फूड फेस्ट तथा स्थानीय व्यंजनों के स्टाल भी लगाए गए हैं।


