देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के बीच आपसी समझ बेहद शानदार दिखाई देती है। देखने में आया है कि मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार समय-समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को यहां आमंत्रित करती रहती है और इसी के साथ उनके आगमन को जनता के हित में भुनाने का एक भी मौका हाथ से नहीं जाने देती। फल स्वरुप मध्य प्रदेश के विभिन्न नगरों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन यदा-कदा बना ही रहता है। साथ में मध्य प्रदेश को नई-नई सौगातें मिलती रहती हैं। अभी तक के अनुभव कहते हैं कि मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब-जब प्रदेश के दौरे पर आते हैं, तब तक एक न एक नई विकास परियोजनाओं की घोषणा तो करते ही हैं । साथ में पुरानी पूर्ण हो चुकी योजनाओं का लोकार्पण भी करते जाते हैं। यानी की श्री मोदी के आगमन से नई योजना मिलती जा रही हैं वही पुरानी परियोजनाओं को मूर्त रूप प्राप्त होता चला जा रहा है। यही कारण है कि प्रबुद्ध वर्ग दावा करने लगा है, डॉक्टर मोहन यादव श्री मोदी के आगमन को जनहित में भुनाने का कोई भी अवसर हाथ से नहीं जाने देते। अभी जब लोकमाता अहिल्याबाई की स्मृति में भोपाल के जंबूरी मैदान में विशाल महिला सम्मेलन आयोजित किया गया तो उस कार्यक्रम के माध्यम से भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के हृदय स्थल से अनेक लोकार्पण किये। उदाहरण के लिए लोकमाता अहिल्याबाई के नाम से एक डाक टिकट और ₹300 का सिक्का जारी किया गया। मध्य प्रदेश को इस दौरान दो सबसे बड़ी सौगातें मिलीं। इनमें से प्रथम दतिया और दूसरा सतना में एयरपोर्ट की शुरुआत हो गई। साथ में मध्य प्रदेश की मिनी मुंबई कही जाने वाली इंदौर नगरी में मेट्रो ट्रेन का लोकार्पण हो गया। इन सभी उपलब्धियां की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल तरीके से भोपाल में रहकर की। उल्लेखनीय है कि जनसंख्या और विकास की दृष्टि से दतिया बहुत छोटा जिला माना जाता है। जबकि उससे सटा हुआ उत्तर प्रदेश का झांसी जनपद ऐतिहासिक महत्व का बेहद महत्वपूर्ण स्थल है। फिर भी वहां एयरपोर्ट का ना होना और दतिया में इसकी शुरुआत हो जाना प्रदेश की बड़ी उपलब्धि है। बता दे कि यहां पर पीतांबरा माता का मंदिर होने के चलते मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एयरपोर्ट शुरू करने की घोषणा पूर्व में ही कर चुके थे। और इस बारे में उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सामने मांग भी रखी थी। यह भी सर्व विदित है कि डॉक्टर मोहन यादव द्वारा दतिया में पीतांबरा माई लोक बनाने की घोषणा भी अमल में लाई जा रही है। जबकि इंदौर में शुरू होने वाली मेट्रो ट्रेन मध्य प्रदेश की पहली मेट्रो ट्रेन है। इसको लेकर इंदौर समेत अन्य महानगरों में उत्साह का वातावरण देखने को मिल रहा है। जहां तक एयरपोर्टों की बात है तो सतना और दतिया दोनों एयरपोर्टों से उड़ानें भी शुरू हो चुकी हैं। 31 मई का दिन इसलिए भी महत्व पूर्ण रहा क्योंकि इस रोज कांग्रेस ने जबलपुर में जय हिंद सभा का ऐलान किया और एक कार्यक्रम को संपन्न कराने की औपचारिकता निभाई। यहां औपचारिक शब्द का प्रयोग इसलिए करना पड़ रहा है क्योंकि भारी भीड़ की संभावना के चलते इस कार्यक्रम में प्रियंका वाड्रा अथवा राहुल गांधी में से किसी एक का आना निश्चित माना जा रहा था। जबकि प्रियंका गांधी वाड्रा का तो कार्यक्रम भी जारी हो चुका था। परंतु पार्टी कार्यकर्ताओं की कम उपस्थिति के चलते उनका आगमन भी ऐन वक्त पर निरस्त हो गया। मजबूरीवश यह कार्यक्रम मध्य प्रदेश के अपने-अपने खेमों में बटे तीन वरिष्ठ नेताओं को ही संभालना पड़ गया। कांग्रेसी सूत्रों की माने तो यह कार्यक्रम 31 मई को इसलिए भी रखा गया ताकि मीडिया के बीच भोपाल में मोदी के आगमन के साथ-साथ कांग्रेस के कार्यक्रम को भी पर्याप्त स्थान दिलाया जा सके। लेकिन कांग्रेस और कांग्रेसी इस लक्ष्य को प्राप्त करने में असफल ही रहे। वहीं दूसरी ओर भोपाल के जंबूरी मैदान में भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ती रही। खासकर महिलाओं ने भगवा और नारंगी कलर के कपड़ों में अपनी विशेष उपस्थिति दर्ज कराई । मंच पर पार्टी की महिला नेत्रियों और जनप्रतिनिधियों की खासी उपस्थिति रही। प्रदेश और केंद्र स्तर की महिला मंत्रीगण भी विशेष रूप से शिरकत करती दिखाई दीं। कार्यक्रम की सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और संगठन स्तर पर पार्टी नेताओं ने संतुष्टि व्यक्त की है । यह भी खबर मिल रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिला महासम्मेलन की सफलता से प्रसन्न होकर दिल्ली लौटे हैं। इस अवसर का फायदा उठाते हुए मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉक्टर मोहन यादव ने एक बार फिर विकास की नई परियोजना वाली एक और नई सूची प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को सौंप दी है। मध्य प्रदेश का नौकरशाही अमला आश्वस्त है कि जैसे अभी तक मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रखते आ रहे हैं उसी प्रकार आगे भी प्रदेश को विकास की नई-नई सौगातें मिलती रहेंगी। कुल मिलाकर भाजपा और उसकी सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम विकास की नई और पुरानी परियोजनाओं को लेकर जमीनी स्तर पर अनेक उपलब्धियां हासिल करती चली जा रही है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच स्थापित आपसी समझ जनता के हित में बेहतर काम कर रही है। उम्मीद है आगे भी यह डबल इंजन की सरकार मध्य प्रदेश को नई सौगातो से आल्हादित करती रहेंगी।


