मुरैना

मुरैना में रेत माफिया का खूनी खेल : अवैध उत्खनन रोक रहे वन आरक्षक को ट्रैक्टर से कुचला, मौके पर ही तोड़ा दम

देश/प्रदेश प्रादेशिक मध्‍य प्रदेश मुरैना

एजेंसी, मुरैना। मुरैना रेत माफिया की गुंडई : मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में अवैध रेत के कारोबारियों का दुस्साहस एक बार फिर सामने आया है। चंबल से अवैध रेत ले जा रहे माफियाओं ने ड्यूटी पर तैनात एक वन आरक्षक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से बेरहमी से कुचल दिया। इस दर्दनाक हमले में आरक्षक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह सनसनीखेज वारदात दिमनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाइवे 552 पर रथोल का पुरा और रानपुर के बीच हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव और वन विभाग के कर्मचारियों में गहरा आक्रोश व्याप्त है।

गश्ती दल पर जानलेवा हमला

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अंबाह रेंज की वन विभाग की टीम रविवार सुबह अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगाम कसने के लिए गश्त पर निकली थी। इसी दौरान टीम को चंबल नदी के ऐसाह घाट की तरफ से एक रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखाई दी। वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर ने साहस दिखाते हुए ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी और आरक्षक को रौंदते हुए मौके से फरार हो गया।

हाल ही में हुआ था तबादला

शहीद वन आरक्षक हरिकेश गुर्जर जनकपुर के रहने वाले थे। बताया जा रहा है कि उनकी तैनाती कुछ समय पहले ही दूसरे जिले से अंबाह रेंज में हुई थी। टीम के अन्य सदस्य तुरंत उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। विभाग ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है, जिसके बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

दिमनी थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार ट्रैक्टर चालक और उसके मालिक की तलाश में छापेमारी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि अवैध रेत के इस काले कारोबार से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का मुआयना किया है और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कदम उठाने की बात कही है। इस घटना ने एक बार फिर मुरैना में सक्रिय रेत माफियाओं के नेटवर्क और फील्ड स्टाफ की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

ये भी पढ़े : असम सीएम की पत्नी पर फर्जी पासपोर्ट के आरोप लगाने के मामले में घिरे कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, गिरफ्तारी के लिए असम पुलिस ने दिल्ली स्थित आवास पर डाला डेरा

ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें

Leave a Reply