मुख्यमंत्री का यूनियन कार्रवाई : मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भोपाल की यूनियन कार्बाइड फैक्ट्री परिसर का दौरा किया जाना चर्चाओं में बना हुआ है। उनका यह दौरा करना केवल एक प्रशासनिक औपचारिकता मात्र नहीं है, बल्कि यह साहस, संकल्प और दशकों पुराने राजनीतिक मिथकों को तोड़ने वाला एक ऐतिहासिक क्षण है। भारतीय राजनीति में अक्सर देखा गया है कि नेता उन स्थानों या मुद्दों से दूरी बना लेते हैं जो किसी बड़ी त्रासदी या नकारात्मक धारणाओं से जुड़े होते हैं, लेकिन डॉ. यादव ने इस ‘वर्जना’ को तोड़कर अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। 1984 की वह काली रात, जिसने भोपाल की फिजाओं में मौत का जहर घोल दिया था, पिछले 41 वर्षों से राज्य के राजनीतिक नेतृत्व के लिए एक ऐसा अध्याय रही जिसे दूर से ही संबोधित किया जाता रहा। कोई भी मुख्यमंत्री उस परिसर की दहलीज लांघने का साहस नहीं जुटा सका, जो दुनिया की सबसे बड़ी औद्योगिक त्रासदी का प्रत्यक्षदर्शी रहा है। ऐसे में डॉ. यादव का बिना किसी विशेष तामझाम के वहां पहुंचना और न केवल जमीन का निरीक्षण करना, बल्कि वहां रुककर भविष्य की कार्ययोजना तैयार करना यह दर्शाता है कि राज्य अब एक ऐसे नेतृत्व के हाथों में है जो समस्याओं से भागने के बजाय उनके समाधान की जड़ तक जाने में विश्वास रखता है। यह यात्रा केवल प्रतीकात्मक नहीं है, बल्कि यह भोपाल के उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ाया गया एक ठोस कदम है। दशकों से यह 85 एकड़ का क्षेत्र एक ‘भुतहा टापू’ की तरह शहर के बीचों-बीच स्थित था, जिसे लेकर कई तरह के अंधविश्वास और सुरक्षा संबंधी चिंताएं व्याप्त थीं। मुख्यमंत्री ने स्वयं वहां पहुंचकर इन तमाम आशंकाओं को निर्मूल सिद्ध कर दिया है। उनका यह कदम जनता के बीच एक बड़ा मनोवैज्ञानिक विश्वास पैदा करता है कि जिस जहरीले साये से शहर दशकों तक डरा रहा, अब वह इतिहास बन चुका है। जहरीले कचरे का निस्तारण और हवा की शुद्धि के दावों को मुख्यमंत्री ने अपनी उपस्थिति से प्रमाणित किया है। यह इस बात का भी प्रमाण है कि वर्तमान सरकार विकास के प्रति कितनी गंभीर है, क्योंकि भोपाल जैसी तेजी से उभरती राजधानी के बीचों-बीच इतनी बड़ी जमीन का अनुपयोगी पड़े रहना विकास की राह में एक बड़ी बाधा थी। डॉ. यादव ने संकेत दिया है कि इस भूमि का उपयोग भोपाल को ‘मेट्रोपॉलिटन सिटी’ बनाने के व्यापक विजन के तहत किया जाएगा, जो उनकी आधुनिक और दूरदर्शी सोच को रेखांकित करता है।
ये भी पढ़ें : पंचायत सचिव सम्मेलन के मूल में “रामराज” की अवधारणा
ताज़ा अपडेट और ब्रेकिंग न्यूज़ के लिए हमारे फेसबुक पेज से जुड़ें और STPV.live के साथ अपडेट रहें


