एजेंसी, नई दिल्ली। वरिष्ठ पत्रकार और प्रसिद्ध लेखक मार्क टली का रविवार को यहां एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके एक करीबी दोस्त ने यह जानकारी दी। वह 90 वर्ष के थे। भारत पर उन्होंने कई किताबें लिखी थीं। कई पुरस्कारों से सम्मानित मार्क टली कुछ समय से बीमार थे और पिछले एक सप्ताह से साकेत के मैक्स अस्पताल में भर्ती थे। वरिष्ठ पत्रकार और टली के करीबी दोस्त सतीश जैकब ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”मार्क का आज दोपहर मैक्स अस्पताल, साकेत में निधन हो गया।” उनका जन्म 24 अक्टूबर 1935 को कलकत्ता (अब कोलकाता) में हुआ था। टली 22 वर्षों तक ‘बीबीसी’ के नई दिल्ली ब्यूरो के प्रमुख रहे। प्रख्यात लेखक होने के साथ-साथ, टली बीबीसी रेडियो-4 के कार्यक्रम ‘समथिंग अंडरस्टूड’ के प्रस्तोता भी थे। उन्हें 2002 में ‘नाइट’ की उपाधि से सम्मानित किया गया और 2005 में भारत सरकार द्वारा पद्म भूषण से नवाजा गया। टली ने भारत पर कई किताबें लिखी हैं, जिनमें ‘नो फुल स्टॉप्स इन इंडिया’, ‘इंडिया इन स्लो मोशन’ और ‘द हार्ट ऑफ इंडिया’ शामिल हैं।


