नई दिल्ली| मानसून ने बिहार में दस्तक दे दी है। इसके अगले तीन दिनों में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और उत्तर प्रदेश में पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 26 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में बारिश की वजह से पांच लोगों की जान चली गई है। वहीं, असम में बारिश की वजह से आई बाढ़ ने 1366 गांवों को पानी में डूबा दिया है। इससे करीब पांच लाख की आबादी प्रभावित हुई है। बाढ़ के चलते 14 हजार हेक्टेयर से ज्यादा फसल पानी में डूब गई। असम में बाढ़ से 22 जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, शुक्रवार से ही हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश शुरू हो सकती है, जो अगले तीन से चार दिनों तक रहेगी। उत्तर प्रदेश में 25 और 26 जून को भारी बारिश की संभावना है। उत्तराखंड में भी 26 जून तक तेज बारिश का अनुमान है। हिमाचल प्रदेश में 24 से 26 जून के बीच भारी बारिश होगी। इसके अलावा पंजाब, दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी अगले तीन दिन बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश में 23 से 26 जून तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ में भी 26 जून तक बारिश होगी। वहीं विदर्भ में 24 जून से शुरू होने वाली बारिश 26 जून तक चल सकती है।
देश के पूर्वी राज्यों बिहार, पश्चिम बंगाल ओडिशा में 25 जून तक बारिश होने की संभावना है। बिहार में शुक्रवार को तेज बारिश की संभावना जताई गई है। पश्चिम बंगाल में 25 जून तक बारिश का अलर्ट है। ओडिशा में 23 से 25 जून तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की। महाराष्ट्र और गुजरात में 25 व 26 जून को तेज बारिश हो सकती है। इसके अलावा कोंकण और गोवा में 23 जून से शुरू हुई बारिश 26 जून तक जारी रह सकती है।


